मां से शादी करने आए दूल्हे को पसंद आ गई बेटी, लगाई बोली
उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर से महिला से शादी करने आया दूल्हा मां की जगह बेटी को पसंद कर खरीदने के लिए अड़ गया। एक लाख 80 हजार में सौदा पक्का हुआ। इस मामले में इंदिरा मार्केट की सब्जी दुकानदार एक महिला ने बिचौलिए की भूमिका निभाई।
जबलपुर। उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर से महिला से शादी करने आया दूल्हा मां की जगह बेटी को पसंद कर खरीदने के लिए अड़ गया। एक लाख 80 हजार में सौदा पक्का हुआ। इस मामले में इंदिरा मार्केट की सब्जी दुकानदार एक महिला ने बिचौलिए की भूमिका निभाई। युवती की मां की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हे समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, इनमे तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
अच्छे घर में शादी का झांसा
सिविल लाइन टीआई प्रफुल्ल श्रीवास्तव ने बताया कि 40 वर्षीय महिला खमरिया में अपनी 13 और 6 साल की दो बेटियों के साथ रहती है। उसका पति कुछ वर्ष पहले उसे छोड़कर चला गया था। कुछ दिनों पहले मोहल्ले में सब्जी बेचने वाली 50 वर्षीय गुंजा सतनामी और उसके भाई ने उसे दूसरी जगह शादी कराकर अच्छे घर में भेजने का झांसा दिया। उसने हामी भरी तो गुंजा बुधवार को शादी के लिए महिला और उसकी दोनों बेटियों को लेकर गोकुलदास धर्मशाला पहुंच गई।
13 साल की बेटी से शादी की जिद
धर्मशाला में बुलंदशहर से आए राजेश शर्मा, भूपेन्द्र शर्मा, अरुणा शर्मा व उनके 9 रिश्तेदार रुके थे। दूल्हा भूपेन्द्र शर्मा और उसके परिजन ने महिला को देखते ही शादी से इंकार कर दिया। लेकिन जब उसकी 13 साल की बेटी को देखा तो उससे शादी की जिद करने लगे। उन्होंने इसके लिए महिला को 30 हजार रुपए दिए और बाकी के डेढ़ लाख रुपए बाद में देने कहा। बेटी का सौदा होते देख घबरायी महिला ने भूपेन्द्र और उसके परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने।
शंका होने पर पहुंची थाने
महिला ने भूपेन्द्र से 30 हजार रुपए तो ले लिए लेकिन शंका होने पर वह कुछ देर में आने का कहकर थाने पहुंच गई। उसकी सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और 30 हजार रुपए भी जब्त किए।
ऐसे जुड़े तार
सब्जी बेचने वाली गुंजा की बेटी का विवाह भी बुलंदशहर में हुआ है। बेटी के यहां आने-जाने पर ही गुंजा और भूपेन्द्र के परिजनों का परिचय हुआ था। यही वजह रही कि भूपेन्द्र की शादी का जिम्मा गुंजा ने लिया था और खमरिया की महिला को तैयार कर लिया।
रास्ते में भी बेच देते हैं
बुलंदशहर से आकर लोग पहले लड़की पसंद करते हैं। फिर पैसा देने के बाद शादी के नाम पर उसे लेकर चले जाते हैं। यह जरूरी नहीं होता कि वे उससे शादी करें। यदि लड़की दूसरों को पसंद आ गई और वे ज्यादा रकम देने तैयार होते हैं तो उन्हें सौंप दी जाती है।