बिहार में डकैतों ने की व्यवसायी की हत्या, विधायक मौके पर पहुंचे
बिहार के मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के अंधरा बाजार के प्रसिद्ध किराना व्यापारी बेचन गुप्ता के घर शनिवार रात दो बजे डकैतों ने धावा बोला और उनकी हत्या कर दी।
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के अंधरा बाजार के प्रसिद्ध किराना व्यापारी बेचन गुप्ता के घर शनिवार रात दो बजे डकैतों ने धावा बोला और उनकी हत्या कर दी।
प्रारंभिक सूचना के मुताबिक करीब एक दर्जन की संख्या में आए डकैतों ने लूटपाट के दौरान विरोध करने पर व्यापारी बेचन गुप्ता की छुरा मारकर हत्या कर दी। वहीं घर में मौजूद बेचन गुप्ता के वृद्ध पिता, पत्नी और बेटी भी डकैतों की पिटाई से मामूली रूप से घायल हैं।
यह भी पढ़ें - चोरी में नाकाम होने पर चोर ने किया यह काम
व्यापारी के दोनों बेटे चंदन और रंजन कहीं बाहर थे और घटना की सूचना मिलने पर रविवार सुबह पहुंचे। डकैत कितने की संपत्ति ले गए हैं इसका अभी पता नहीं चल पाया है। आलमारियां खुली पड़ी हैं। पता चला है कि वृद्ध पिता के पास मौजूद दो-चार हजार नकद तक डकैत छीनकर ले गए हैं। घटना का जायजा लेने के लिए विधायक राम अवतार पासवान आज सुबह ही पहुंच गए थे।
घटनास्थल से अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र की दूरी एक किमी से भी कम होने के बावजूद अंधराठाढ़ी थाना पुलिस देर से पहुंची, जबकि घटना की सूचना देने व्यापारी की पत्नी खुद घायल होने के बावजूद दौड़ती हुई पहुंची थी। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से छह किमी दूर रुद्रपुर थाना पुलिस पहले पहुंच गई। अंधराठाढ़ी थाना पुलिस ने देर से पहुंचने का कारण गश्त में कहीं और निकले होने को बताया। ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है।
मौके पर रविवार सुबह से विधायक राम अवतार पासवान कैंप किए हुए हैं। डीएसपी ने भी पहुंचकर जायजा लिया है। एसपी पहुंचने वाले हैं। डाॅग स्क्वाॅड के भी पहुंचने का इंतजार है। घटना के 6 घंटे बाद भी वरीय पुलिस पदाधिकारियों के नहीं पहुंचने पर लोगों का आक्रोश बढ़ रहा है। घटनास्थल पर लोगों की भाड़ी भीड़ है।
यह भी पढ़ें - दिल्ली में 26 करोड़ की लूट सुलझी, ट्रक हाथरस से बरामद