सफेद हाथी हो गया है राज्यपाल का पद : शिवसेना
शिवसेना ने गवर्नर के पद को 'सफेद हाथी' की संज्ञा देते हुए मिजोरम की राज्यपाल कमला बेनीवाल की बर्खास्तगी का समर्थन किया है। पार्टी ने कहा है, 'कांग्रेस ने जो बोया वहीं काटा।' शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में कहा है, 'कांग्रेस के हारे हुए नेता बेनीवाल को हटाए जाने को बदले की राजनीति बताकर आ
मुंबई। शिवसेना ने गवर्नर के पद को 'सफेद हाथी' की संज्ञा देते हुए मिजोरम की राज्यपाल कमला बेनीवाल की बर्खास्तगी का समर्थन किया है। पार्टी ने कहा है, 'कांग्रेस ने जो बोया वहीं काटा।'
शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में कहा है, 'कांग्रेस के हारे हुए नेता बेनीवाल को हटाए जाने को बदले की राजनीति बताकर आंसू बहा रहे हैं। लेकिन अगर नरेंद्र मोदी की सरकार ने सत्ता में आने पर कांग्रेस की राज्यपालों को हटाने की परंपरा का निर्वाह किया तो इसमें गलत क्या है?' पार्टी ने इस बात पर सहमति जताई कि राज्यपाल का पद संवैधानिक है लेकिन कहा, 'कांग्रेस ने, जिसने वर्षो तक इस देश में राज किया, अपने लाभ के लिए इसका दुरुपयोग किया।'
पार्टी ने कहा, 'ऐसे बहुत से उदाहरण हैं जब इस पद की गरिमा को आघात पहुंचा। सच तो यह है कि राज्यपाल का पद सफेद हाथी हो गया है। हमें तय करना पड़ेगा कि क्या इन सफेद हाथियों को पालने की जरूरत है?' बेनीवाल पर हमला करते हुए सामना में दावा किया गया, 'जब वह गुजरात की राज्यपाल थीं, उन्होंने जयपुर की यात्रा के लिए सरकारी विमान और हेलीकाप्टर का खूब इस्तेमाल किया। हेलीकाप्टर से उन्होंने 69 बार यात्रा की। इससे राज्य के खजाने पर 12 सौ करोड़ का बोझ पड़ा। कांग्रेस नेताओं को याद रखना चाहिए कि बेनीवाल को हटाने पर शोर मचाने का कोई लाभ नहीं है। अगर वे इस मुद्दे पर मोदी की सरकार को घेरने का प्रयास करते हैं तो उन्हें मुंह की खानी पड़ेगी।'
पढ़ें: बेलगांव में मराठियों के खिलाफ अत्याचार पर भड़की शिवसेना