फिल्म दिखाने पर बीबीसी को नोटिस
सरकार की सारी पाबंदियों के बावजूद तय समय से चार दिन पहले बीबीसी ने निर्भया हत्याकांड पर बनी फिल्म का प्रसारण ब्रिटेन में कर दिया।
नई दिल्ली । सरकार की सारी पाबंदियों के बावजूद तय समय से चार दिन पहले बीबीसी ने निर्भया हत्याकांड पर बनी फिल्म का प्रसारण ब्रिटेन में कर दिया। वैसे गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने प्रसारण पर दुख जताते हुए कहा कि इस मामले में बीबीसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सरकार ने बीबीसी को कानूनी नोटिस भी भेज दिया है। सूचना प्रसारण मंत्रालय ने अदालत के आदेशानुसार फिल्म को यू-ट्यूब समेत समूचे सोशल मीडिया पर प्रतिबंधित करने में कामयाबी पाई है।
दरअसल बीबीसी ने पहले इस फिल्म को आठ मार्च को महिला दिवस पर दिखाने की घोषणा की थी। लेकिन संसद में मोदी सरकार के कड़े रुख और राजनाथ सिंह के फिल्म के प्रदर्शन पर रोक की कोशिशों को देखते हुए इसका प्रसारण एकाएक बुधवार की रात को ब्रिटेन में किया गया। वैसे गृहमंत्रालय ने अंतिम समय तक फिल्म का प्रसारण रोकने की कोशिश की। बुधवार को इसके लिए बीबीसी को पत्र लिखा गया था। लेकिन जवाब में बीबीसी का कहना था कि वह भारत में इसका प्रसारण नहीं कर रहा है, लेकिन दर्शकों की मांग पर ब्रिटेन व अन्य जगहों पर इसका प्रसारण किया जाएगा।
अचानक देर रात प्रसारण की तैयारी के बारे में पता चलने के बाद तिहाड़ जेल के महानिदेशक की ओर से बीबीसी को इसे रोकने के लिए पत्र लिखा गया। लेकिन इसका कोई जवाब नहीं आया। वहीं नियमों का उल्लंघन कर फिल्म शूट करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को ही एफआइआर दर्ज कर ली थी। लेकिन ब्रिटिश फिल्म निर्माता लेस्ली उडविन पुलिस के सवालों का जवाब दिए बगैर ही बुधवार की शाम गुपचुप इंग्लैंड लौट गईं।
प्रसारण कर सरकार को चुनौती :
बीबीसी-4 चैनल ने फिल्म को प्रसारित कर सीधे तौर पर भारत सरकार को चुनौती दे दी है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इस पर दुख जताया है। दिल्ली भाजपा कार्यालय में होली मिलन समारोह में उन्होंने कहा कि बीबीसी को इसका प्रसारण नहीं करना चाहिए था। गृह मंत्रालय इस पर आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि प्रसारण की शर्ते तोड़ी गई हैं। इसकी जांच होगी और फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लेकिन गृहमंत्रालय के अधिकारियों की माने तो कार्रवाई के लिए सीमित विकल्प है।
मशक्कत बाद ब्लाक हुई फिल्म
बीबीसी पर प्रसारण रोकने में विफल रही सरकार इस फिल्म के यू-ट्यूब समेत सोशल मीडिया पर प्रसारण रोकने में जुट गई। पूरे दिन के प्रयास के बाद इसमें सफलता भी मिली। सूचना व प्रसारण मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अदालत के आदेश के अनुसार यू-ट्यूब व अन्य सोशल मीडिया साइटों को इसका प्रसारण रोकने को कहा गया है।
बीबीसी ने किया देश का अपमान :
दिल्ली गैंगरेप की पीडि़ता निर्भया के माता-पिता के अनुसार बीबीसी ने इस इंटरव्यू को दिखाकर देश के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई है। निर्भया के पिता ने कहा कि वह इस बात से अचंभित हैं कि अदालत की रोक के बावजूद बीबीसी ने फिल्म का प्रसारण किया और बाद में फिल्म को यू-ट्यूब पर भी अपलोड किया।
पढ़ें :