सत्ता व संगठन मिलकर करेंगे झारखंड का विकास : सीएम
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सत्ता व संगठन मिलकर राज्य का विकास करेंगे। सिर्फ नौकरशाहों के भरोसे विकास संभव नहीं है। कार्यकर्ताओं का सकारात्मक सहयोग अपेक्षित है। शनिवार को अग्रसेन भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 14 साल की अव्यवस्था को दूर करने में वक्त
जासं, दुमका। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सत्ता व संगठन मिलकर राज्य का विकास करेंगे। सिर्फ नौकरशाहों के भरोसे विकास संभव नहीं है। कार्यकर्ताओं का सकारात्मक सहयोग अपेक्षित है। शनिवार को अग्रसेन भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 14 साल की अव्यवस्था को दूर करने में वक्त लगेगा। कार्यकर्ता जनसमस्याओं के निदान के लिए आगे आएं।
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि यहां के कुछ नेता विकास विरोधी राजनीति कर रहे हैं। ऐसे नेताओं से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त शासन की शुरूआत हो चुकी है। उन्होंने दुमका में शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज तथा पाकुड़ व साहिबगंज में एक-एक महिला कॉलेज खोलने, नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत साहिबगंज को स्मार्ट सिटी बनाने और गंगा पुल निर्माण के शिलान्यास की कवायद की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी।
कहा कि राज्य में सुशासन के लिए पीसीआर, हाइवे पेट्रोलिंग सेंटर, ऑनलाइन एफआइआर जैसी सेवाओं की शुरूआत कर दी गयी है जो आने वाले में दिनों में राज्य के अन्य जिलों में भी लागू होगी। इससे पूर्व सुबह 9.30 बजे वे दुमका हवाई अड्डा पर पहुंचे जहां गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यहां काफी संख्या में कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। यहां से वे सीधे राजभवन पहुंचे। वहां 15-20 मिनट रुकने के बाद अग्रसेन भवन पहुंचे जहां कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। यहां से वे समाहरणालय पहुंचे जहां प्रमंडल के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें 14 विभागों के सचिव भी शामिल थे।