सैनिकों के कंधों का सहारा लेकर बाढ़ प्रभावितों तक पहुंचे सीएम शिवराज सिंह
सैनिकों का सहारा लेकर उनके कंधों से होकर नाला पार करते हुये बाढ़पीड़ितों के पास पहुंचे।
पन्ना। जिले में हुयी मूसलाधार बारिश के चलते क्षेत्र के प्रभावित गांव के बाढ़ पीड़ितों को सांत्वना देने रविवार दोपहर बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अमानगंज पहुचकर प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने अमानगंज, गढोखर, कमताना, बिल्हा, हिनौती, सिंघोरा सहित कई गांव में बाढ़ पीडितों भेंट कर उन्हें सांत्वना दी ।
यहां तक कि मुख्यमंत्री कमताना ग्राम के कड़वानी नाले में अधिक पानी होने के चलते सैनिकों का सहारा लेकर उनके कंधों से होकर नाला पार करते हुये बाढ़पीड़ितों के पास पहुचे और उन्हें हर संभव मदद दिलाने के साथ-साथ सांत्वना दी।
पढ़ेंः पौड़ी में बादल फटा, एक परिवार के सात लोग जिंदा दफन; सभी शव निकाले
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी तत्परता से बाढ़ पीडितों के लिए राहत और बचाव कार्य कर रहा है। जनता परेशान हो तो मुख्यमंत्री कैसे चैन से बैठ सकता है। मुख्यमंत्री ने नंगे पैर चल कर नाले के पार जाकर बाढ पीडितों से भेंट की।
बाढ़ से मौत पर चार लाख की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ के कारण जिन व्यक्तियों मौत हुई है उनके परिजनों को 4-4 लाख की सहायता दी जाएगी। बाढ से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए अधिकतम 95 हजार रूपये तथा जिन घरों में जल भराव हुआ उन्हें 6 हजार रूपये की सहायता दी जाएगी। क्षतिग्रस्त झोपडी के लिए भी 6 हजार रूपये दिए जाएंगे। गाय, भैंस जैसे बडे पशुओं के लिए 30 हजार रूपये तथा बछडा-बछडी के लिए 10 हजार रूपये अन्य पशुओं के लिए 3 हजार रूपये तथा मुर्गा-मुर्गी के लिए 60 रूपये की क्षतिपूर्ति दी जाएगी। बाढ प्रभावित प्रत्येक परिवार को तत्काल 50 किलो अनाज नि-शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
कमताना में ट्रैक्टर में सवार होकर संबोधित किया
मुख्यमंत्री ने कमताना तथा गढोखर में आमजनता से संवाद किया। उन्होंने पण्डवन में केन नदी पर बने पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुल का तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा। यदि आवश्यक हुआ तो पुल में सुधार तथा उसे चौडा करने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कमताना में ट्रेक्टर में सवार होकर आमजन को संबोधित किया।
पढ़ेंः मध्य प्रदेश में बारिश-बाढ़ से तबाही, यूपी-बिहार में बिगड़े हालात