गीता प्रेस का गतिरोध आज हो सकता है दूर
गीता प्रेस के गतिरोध को दूर करने के लिए मंगलवार को उप श्रमायुक्त के साथ होने वाली बैठक से काफी उम्मीदें हैं। यह उम्मीद उप श्रमायुक्त, गीता प्रेस कर्मचारी व प्रबंधन, तीनों को है। कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को बिंदुवार तैयार किया है तो प्रबंधन ने भी लचीला रुख
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गीता प्रेस के गतिरोध को दूर करने के लिए मंगलवार को उप श्रमायुक्त के साथ होने वाली बैठक से काफी उम्मीदें हैं। यह उम्मीद उप श्रमायुक्त, गीता प्रेस कर्मचारी व प्रबंधन, तीनों को है। कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को बिंदुवार तैयार किया है तो प्रबंधन ने भी लचीला रुख अपनाने का संकेत दिया है।
गीता प्रेस के कर्मचारियों पर सहायक प्रबंधक मेघ सिंह चौहान के साथ अभद्रता करने का आरोप है। इस आरोप में आठ अगस्त को 12 स्थायी कर्मचारियों को निलंबित व पांच अस्थायी कर्मचारियों से काम पर लेने से मना कर दिया गया था। इसके विरोध में आठ अगस्त से ही कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उप श्रमायुक्त के साथ गतिरोध दूर करने के लिए सात चक्र की वार्ता हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है।
ट्रस्टी ईश्वर प्रसाद पटवारी के मुताबिक, गीता प्रेस एक परिवार है कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। हम पूरी दुनिया को उन्माद से बचने व शांति प्रिय होने की शिक्षा देते हैं। हमारे कर्मचारी शांत, सौम्य व मेहनतकश हैं लेकिन उन्हें कुछ लोग भड़का रहे हैं। प्रबंधन ने गीता प्रेस को बंद नहीं किया है। प्रबंधन कर्मचारियों की उचित मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने को तैयार है।