यूपी शर्मसार! मुरादाबाद में लटका मिला शव, बरेली में घरवालों ने किया गैंगरेप
उत्तर प्रदेश के बदायूं के बाद पेड़ पर बालिकाओं के शव मिलने का सिलसिला गति पकड़ रहा है। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में एक पेड़ पर शुक्रवार को छात्रा का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है। इस घटना से हड़कंप मच गया है। डीआइजी गुलाब सिंह तथा जिलाधिकारी चंद्रकांत मौके पर गए हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बदायूं के बाद पेड़ पर बालिकाओं के शव मिलने का सिलसिला गति पकड़ रहा है। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में एक पेड़ पर गुरुवार को छात्रा का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है। इस घटना से हड़कंप मच गया है। डीआइजी गुलाब सिंह तथा जिलाधिकारी चंद्रकांत मौके पर गए हैं। शासन स्तर से भी आइडी (कानून व्यवस्था) अमरेंद्र सेंगर लगातार घटना की जानकारी ले रहे हैं।
ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव राजीपुर मिलक की छात्रा ने इसी वर्ष दसवीं की परीक्षा पास की थी। वह गांव में अपने भाई व मां के साथ रहती थी, उसके पिता हिमाचल प्रदेश में नौकरी करते हैं। कल रात आठ बजे छात्रा अचानक लापता हो गई, रात भर तलाशने के बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह छात्रा का शव गांव के मंदिर के पास ही एक पेड़ से लटका मिला। पैर जमीन से टिके होने की वजह से छात्रा की हत्या कर लटकाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
इसी बीच छात्रा के भाई ने गांव के ही संजीव को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। उसका कहना था कि संजीव उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ करता था। हत्या में इसी का हाथ है। पुलिस ने संजीव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी दुष्कर्म से इन्कार नहीं कर रहे हैं।
पुलिस की दो टीमें खुलासे की दिशा में लगाई गई हैं, एक टीम आरोपी संजीव से पूछताछ कर रही है, जबकि दूसरी टीम छात्रा के परिवारवालों से भी पूछताछ कर रही है। सूत्रों का यह भी मानना है कि संजीव से छात्रा का प्रेम-प्रसंग चल रहा था, रात को वह उसी के साथ थी। आशंका है कि दोनों को साथ-साथ देख लेने पर परिवारवालों ने ही छात्रा की हत्या की है। पुलिस अधिकारी अभी स्पष्ट कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है, वह दुष्कर्म से भी इन्कार नहीं कर रहे हैं।
बरेली में विवाहिता से घरवालों ने किया सामूहिक दुष्कर्म:
बदले भी भावना से लोग अब अपने सगे संबंधियों की आबरू तार-तार करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। बरेली में एक विवाहिता से उसके ससुर, जेठ तथा देवर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। विवाहिता कई दिन से लापता थी और आज बेहद शर्मनाक स्थिति में रेलवे लाइन के किनारे मिली। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरेली के मीरगंज मोहल्ले की निवासी महिला के पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। पीड़ित महिला से डीएम व एसएसपी ने मुलाकात कर जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन किया।
वाराणसी में अगवा कर युवती के साथ गैंगरेप
वाराणसी के मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन से बुधवार की रात एक युवती को अगवा कर आटो चालक पारस पटेल व उसके साथी सुरेश यादव ने डीरेका परिसर में सामूहिक दुष्कर्म किया। डीरेका में आम के बगीचे की रखवाली कर रहे परिवार की हिम्मत के चलते युवती दुराचारियों के चंगुल से छूटी और दुष्कर्मी पुलिस के हाथ आ गए। दुराचारियों के जुल्म से युवती की मानसिक हालत इस कदर बिगड़ गई है कि वह अपना नाम- पता कुछ भी ठीक से नहीं बता पा रही है।
सिद्धार्थनगर में नाबालिग के साथ गैंगरेप
उत्तर प्रदेश में रेप मामले को लेकर सिद्धार्थनगर का भी नाम जुड़ गया है। मंगलवार को यहां नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामला बुधवार को पुलिस की जानकारी में आया।
जिले के जोगिया कोतवाली अन्तर्गत ग्राम तनेजवा में एक नाबालिग के साथ गैंग रेप की वारदात मंगलवार की रात सामने आई। बुधवार शाम ये पूरा मामला जोगिया कोतवाली के संज्ञान में आया। लेकिन पीड़ित नाबालिग के परीजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं किए जाने की वजह से मामले में केस दर्ज नहीं किया गया। कोतवाल नागेन्द्र राम त्रिपाठी ने वारदात की पुष्टि कर दी है। उनका कहना है कि बालिका के परिजन तहरीर देंगे तो पुलिस मुकदमा दर्ज करेगी। फिर भी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पढ़ें : दुष्कर्म मामले पर उत्तर प्रदेश के डीजीपी का ऐसा शर्मनाक बयान