टोल मांगने पर गैंगस्टर ने कर्मचारियों को बनाया मुर्गा, CCTV में कैद तस्वीरें
अजमेर के टोल प्लाजा पर एक गैंगस्टर ने टोल मांगने पर चार टोल कर्मचारियों को मुर्गा बना दिया। ये घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।
अजमेर। राजस्थान के अजमेर में टोल कर्मचारियों को एक गैंगस्टर से टोल मांगना महंगा साबित हुआ। कर्मचारियों को टोल टैक्स तो नहीं मिला लेकिन गैंगस्टर ने उन्हें मुर्गा बना दिया। इस घटना की पूरी तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गई।
एनडीटीवी में छपी खबर के मुताबिक ये मामला सोमवार का है जब अजमेर का कुख्यात गैंगस्टर धन सिंह (36) अपनी ब्लैक सफारी कार पर सवार होकर अजमेर-कोटा राजमार्ग से गुजर रहा था। धन सिंह हाइवे पर बने टोल पर पहुंचा तो कर्मचारियों ने उसे टोल देने के लिए कहा। धन सिंह ने टोल तो नहीं दिया लेकिन एक-एक कर चार कर्मचारियों को मुर्गा बना दिया। टोल प्लाजा पर हुई ये पूरी घटना सीसीटीवी पर कैद हो गई। पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत में सीसीटीवी फुटेज सबूत के तौर पर सौंपा गया है।
अब APP से उठेगा डीएनडी टोल का बैरियर, सफर होगा आसान
टोल प्लाजा कर्मचारियों का आरोप है कि धन सिंह के पास हथियार भी था, जिसकी वजह से वह उसका विरोध नहीं कर पाए। कर्मचारियों के मुताबिक धन सिंह ने उन्हें एक महीने के भीतर टोल प्लाजा से जाने की धमकी भी दी।
अजमेर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि 'इस मामले की जांच कर रहे हैं। हम उसे जल्दी गिरफ्तार कर लेंगे और मामले की तह तक पड़ताल करेंगे।'
बता दें धन सिंह अजमेर जिले का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 32 केस दर्ज हैं, जिसमें लूट, डकैती और अवैध हथियार रखना शामिल है। वह 12 मई को जमानत पर छूटा था।
VIDEO VIRAL: कार की आरसी मांगने पर टोल प्लाजा के कर्मचारियों को पीटा