हावड़ा पहुंचा यात्रा कलश, गूंजा गंगा बचाओ का नारा
फरक्का की लंबी यात्रा तय कर दैनिक जागरण के कलश यात्रा वाहन ने शुक्रवार की देर रात हावड़ा में पदार्पण किया। हावड़ा ब्रिज के निकट स्थित जीटी रोड (डबसन रोड, एसी मार्केट) के निकट शनिवार की सुबह भव्य समारोह का आयोजन किया गया था। सुबह कुछ पल के लिए इंद्रदेव ने भी बारिश के छींटे से इस पवित्र कलश यात्रा वाहन का स्वागत किया।
हावड़ा (संदीप त्रिपाठी)। मानो तो मैं गंगा मां हूं, ना मानो तो बहता पानी, जो स्वर्ग ने दी धरती को, मैं हूं प्यार की वही निशानी, युग-युग से मैं बहती आई नील गगन के नीचे, सदियों से मेरी धारा प्यार की धरती सींचे, मेरी लहर-लहर पे लिखी है, इस देश की अमर कहानी..
जिस गंगा की पवित्रता से ही लोग सदियों से संकल्प लेते रहे हैं। गंगा के पानी से ही तन व मन पवित्र हो जाता है। आज वह गंगा प्रदूषण की मार झेल रही है। अब इस गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने की पहल दैनिक जागरण ने की है। इसी पहल के तहत देवप्रयाग से शुरू हुई पवित्र कलश यात्रा वाहन पश्चिम बंगाल की धरती पर पहुंच गई है। फरक्का की लंबी यात्रा तय कर दैनिक जागरण के कलश यात्रा वाहन ने शुक्रवार की देर रात हावड़ा में पदार्पण किया। हावड़ा ब्रिज के निकट स्थित जीटी रोड (डबसन रोड, एसी मार्केट) के निकट शनिवार की सुबह भव्य समारोह का आयोजन किया गया था। सुबह कुछ पल के लिए इंद्रदेव ने भी बारिश के छींटे से इस पवित्र कलश यात्रा वाहन का स्वागत किया। हालांकि कुछ ही पलों में एक बार फिर से इंद्रदेव ने कृपा बरसाते हुए मौसम को अनुकूल बना दिया। हल्की धूप। सुहानी हवा। इस बीच लोगों की भीड़।
राम तेरी गंगा मैली हो गई, पापियों के पाप धोते-धोते व गंगा तेरा पानी अमृत झर-झर बहता जाए, युग-युग से इस देश की धरती तुझसे जीवन पाए जैसे मधुर गीतों से माहौल में सरगर्मी थी। संगीत की धुन व कलश यात्रा वाहन लोगों को अपनी ओर आकृष्ट कर रहा था। इस भव्य व पवित्र कलश यात्रा वाहन को देखने के लिए लोगों में काफी उत्सुकता देखी गई। आलम यह था कि हावड़ा के इस व्यस्ततम स्थल पर लोगों की श्रद्धा देखते ही बनी। लोग कलश यात्रा पर पुष्प अर्पित कर गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करते नजर आए। स्थानीय लोगों ने दैनिक जागरण के इस पावन अभियान की जमकर सराहना की। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी कलश यात्रा पर पुष्प अर्पित कर गंगा में होने वाले प्रदूषण के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान की जमकर सराहना की। साथ ही लोगों को गंगा नदी में प्रदूषण के प्रति जागरूक करने का भी संकल्प लोगों ने कलश यात्रा वाहन के समक्ष लिया। वहीं सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने वाहन पर स्थापित गंगोत्री से लाए गए गंगा जल भरे पवित्र कलश का पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।