नाबालिगों ने किया महिला से सामूहिक दुष्कर्म
सुल्तानगंज में गुरुवार की देर रात दो नाबालिग लड़कों समेत चार मनचलों ने 36 वर्षीया महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला सब्जी बेचकर घर लौट रही थी। उसी दौरान पिकअप वैन में सवार होकर आए मनचले उसे उठा ले गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दो
जागरण संवाददाता, भागलपुर। सुल्तानगंज में गुरुवार की देर रात दो नाबालिग लड़कों समेत चार मनचलों ने 36 वर्षीया महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला सब्जी बेचकर घर लौट रही थी। उसी दौरान पिकअप वैन में सवार होकर आए मनचले उसे उठा ले गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दो नाबालिगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
उन दोनों की उम्र 16-17 वर्ष के बीच है। दोनों पड़ोस के मुंगेर जिला के नया रामपुर इलाके के रहने वाले हैं। दोनों ने मौके से भागने वाले दो अन्य साथियों के नाम और पते पुलिस अधिकारियों को बता दिए हैं। पुलिस उन दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस को पीड़िता ने बताया कि बदमाशों ने 11 सौ रुपये भी छीन लिए। सामूहिक दुष्कर्म के बाद वे गला दबाकर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस भागलपुर ले आई है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को धारा-164 के तहत पीड़िता का न्यायालय में बयान कराया जाएगा।
सुल्तानगंज के थानाध्यक्ष आइपीएस (प्रशिक्षु) राकेश कुमार ने कहा कि मौके से भागे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी 24 घंटे के अंदर कर ली जाएगी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप वैन जब्त कर ली है। घटना की कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पूरी तस्वीर शनिवार तक सामने आ जाएगी।