अमेरिका में 100 साल बाद दिखा पूर्ण सूर्य ग्रहण का नजारा
पूरे अमेरिका में करीब 100 साल के बाद पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई दिया।
चार्ल्सटन, एएफपी/ रायटर। पूरे अमेरिका में करीब 100 साल के बाद पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखाई दिया। चंद्रमा के पीछे सूर्य के छिपने का नजारा देखने के लिए अमेरिकावासियों में खासा उत्साह रहा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के लिए आधुनिक समय का सबसे क्षण महत्वपूर्ण रहा।
जीएमटी समयानुसार शाम चार बजे ओरेगॉन के लिंकन बीच पर सूर्य ग्रहण का पहला नजारा दिखा। यहां सूर्य ग्रहण देखने के लिए करीब एक लाख लोग जुटे थे। ओरेगॉन में शाम 5.16 बजे (जीएमटी) पूर्ण ग्रहण हुआ और करीब 90 मिनट बाद दक्षिण कैरोलिना के चार्ल्सटन में शाम 6.48 बजे (जीएमटी) यह खत्म हुआ। सूर्य ग्रहण का पहली बार ऑनलाइन लाइव प्रसारण किया गया। नासा ने दुनिया भर में इसका प्रसारण किया। वैज्ञानिकों ने सूर्य ग्रहण के दौरान सुपर-हॉट कोरोना और सूर्य के बाहरी किनारे पर अध्ययन किया।
सूर्य ग्रहण देखने के लिए कंपनियों ने अवकाश घोषित कर दिया था। बहुत से लोग सुदूर राष्ट्रीय वन और पार्कों में इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए इकट्ठा हुए थे। इससे पहले 1918 में अमेरिका में एक छोर से दूसरे छोर तक पूर्ण सूर्य ग्रहण देखा गया था।