अब अनशनरत कर्मी ने लगाई फांसी, टहनी टूटने पर गंभीर रूप से हुआ घायल
नगर निगम शाहदरा दक्षिणी जोन कार्यालय पर पिछले 14 दिनों से हड़ताल पर बैठे एक कर्मचारी ने पेड़ पर फंदा लगाकर फांसी लगाने की कोशिश की। इस दौरान पेड़ की टहनी टूट गई। जिससे कर्मचारी को सिर में गंभीर चोट लगी है। इसके अलावा फांसी का फंदा लगाने से उसके
पूर्वी दिल्ली, जागरण संवाददाता। नगर निगम शाहदरा दक्षिणी जोन कार्यालय पर पिछले 14 दिनों से हड़ताल पर बैठे एक कर्मचारी ने पेड़ पर फंदा लगाकर फांसी लगाने की कोशिश की। इस दौरान पेड़ की टहनी टूट गई। जिससे कर्मचारी को सिर में गंभीर चोट लगी है। इसके अलावा फांसी का फंदा लगाने से उसके गले की नसें भी खींच गई हैं। घायल कर्मचारी को गंभीर हालत में पहले हेडगेवार और फिर जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि निगम अधिकारी कर्मचारी की हालत गंभीर होने से इंकार कर रहे हैं। कमल बैनीवाल नामक यह कर्मचारी पहले भी कई बार आत्महत्या करने की कोशिश कर चुका है। उसने जोन मुख्यालय की छत से भी कूदने की कोशिश की थी।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कुछ कर्मचारी पिछले 14 दिनों से जोनल मुख्यालय पर अनशन कर रहे हैं। ये कर्मचारी कुछ कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने और अन्य मांगों को लेकर अनशन पर हैं, लेकिन इनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। इस कारण कमल बैनीवाल ने आत्महत्या की धमकी दी। वह पेड़ पर चढ़ गया और पेड़ की टहनी से बांधकर गले में फंदा लगा लिया और लटक गया। इसी दौरान टहनी टूट गई और वह जमीन पर आ गिरा। नीचे गिरते ही उसका सिर फट गया और वह बेहोश हो गया।
कर्मचारी नेता आरबी ऊंटवाल कहते हैं कि वह, कमल बेनिवाल व कुछ अन्य कर्मचारी निगम उपायुक्त अतीक अहमद से मिलने गए थे, लेकिन निगम उपायुक्त ने उनकी बात सुनने से इंकार कर दिया। इसके बाद गुस्से में आकर कमल ने निगम जोन कार्यालय में एक पेड़ से लटक कर खुदकशी करने का प्रयास किया।
इस मामले में पूर्वी निगम के जनसंपर्क निदेशक वाईएस मान का कहना है कि दुर्घटनावश कर्मचारी टहनी टूटने से नीचे गिर गया था। उसे हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से उसे सीटी स्कैन के लिए जीटीबी अस्पताल में ले जाया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। वह एवजीदार कर्मचारी है। लेकिन पिछले एक दशक से वह अनुपस्थित चल रहा था। अब वह ड्यूटी पर वापस बुलाए जाने और नियमित करने की मांग कर रहा है।
गौरतलब है कि गत दिनों जंतर-मंतर पर आप की रैली में किसान गजेंद्र सिंह ने पेड़ से फांसी लगा ली थी। इसके कुछ दिनों के बाद एक व्यक्ति ने संसद भवन के पास फांसी पर लटकने का नाटक किया।