मुलायम के जन्मदिन को मिले विदेशी चंदे की जांच होगी : संगीत सोम
भाजपा विधायक संगीत सिंह सोम ने कहा कि प्रदेश सरकार में बैठे मंत्री आजम खां को भगवान का दर्जा देकर बहुसंख्यक समाज का अपमान कर रहे हैं।
देवबंद [जागरण संवाददाता]। भाजपा विधायक संगीत सिंह सोम ने कहा कि प्रदेश सरकार में बैठे मंत्री आजम खां को भगवान का दर्जा देकर बहुसंख्यक समाज का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आजम खां पर चुटकी लेते हुए कहा कि रामपुर में मुलायम के जन्म दिवस पर खर्च हुए रुपये की सीबीआइ जांच कराई जाएगी, क्योंकि आजम खां के मुताबिक कार्यक्रम में दाऊद और अबू सलेम व तालिबान का चंदा लगा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने मुजफ्फरनगर दंगे में उन्हे आतंकवादी बनाकर फर्जी मुकदमे लादे।
थानाभवन विधायक सुरेश राणा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर देवबंद से लूटी गई एके 47 रायफल को बरामद करने का काम किया जाएगा। चाहे वह रायफल पाकिस्तान से ही क्यों न लानी पड़े? सहारनपुर नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व गुरू बनाने का काम किया जाएगा।
भाजपा की सरकार केंद्र में बनते ही पाकिस्तान को उसी भाषा में सीमा पर जबाव देने का काम किया जा रहा है। कहा कि ताजमहल राष्ट्र की संपत्ति है न कि आजम खां की। सम्मेलन को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह प्रांत संपर्क प्रमुख जयपाल सिंह, विभाग प्रचारक पवन कुमार आदि ने संबोधित किया।
पढ़ें: नेताजी के जन्मदिन पर कंबल वितरण के दौरान महिला की मौत