Move to Jagran APP

पाक ने बरसाए गोले, दो भारतीयों की मौत

भारत के साथ बिगड़ते संबंधों के सिलसिले के बीच पाकिस्तानी बलों ने शुक्रवार रात जम्मू सेक्टर की 22 सुरक्षा चौकियों और सीमा पर स्थित 13 गांवों में जबर्दस्त गोलाबारी की, शनिवार रात होते ही गोलाबारी फिर शुरू हो गई। इस दौरान हल्के हथियारों के साथ मोर्टार का भी इस्तेमाल हुआ। इस गोलाबारी में दो भारतीय ग्रामीण मारे गए, जबकि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान सहित छह लोग घायल हो गए। बदल रहे हालात के बीच सीमा के नजदीकी गांवों को खाली कराना शुरू हो गया है। भारत व पाकिस्तान ने अपने-अपने मोर्चो पर तोपों को भी तैनात कर दिया है। पाक सेना ने रेंजर्स को पीछे करके सीमा पर खुद मोर्चा संभाल लिया है। भारतीय सेना भी सतर्क है, सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी दुस्साहस का करारा जवाब दिया है।

By Edited By: Published: Sat, 23 Aug 2014 04:42 PM (IST)Updated: Sun, 24 Aug 2014 12:41 AM (IST)
पाक ने बरसाए गोले, दो भारतीयों की मौत

जागरण न्यूज नेटवर्क, जम्मू। भारत के साथ बिगड़ते संबंधों के सिलसिले के बीच पाकिस्तानी बलों ने शुक्रवार रात जम्मू सेक्टर की 22 सुरक्षा चौकियों और सीमा पर स्थित 13 गांवों में जबर्दस्त गोलाबारी की, शनिवार रात होते ही गोलाबारी फिर शुरू हो गई। इस दौरान हल्के हथियारों के साथ मोर्टार का भी इस्तेमाल हुआ। इस गोलाबारी में दो भारतीय ग्रामीण मारे गए, जबकि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान सहित छह लोग घायल हो गए। बदल रहे हालात के बीच सीमा के नजदीकी गांवों को खाली कराना शुरू हो गया है। भारत व पाकिस्तान ने अपने-अपने मोर्चो पर तोपों को भी तैनात कर दिया है। पाक सेना ने रेंजर्स को पीछे करके सीमा पर खुद मोर्चा संभाल लिया है। भारतीय सेना भी सतर्क है, सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी दुस्साहस का करारा जवाब दिया है।

loksabha election banner

जम्मू के अरनिया व आरएस पुरा सेक्टर में शुक्रवार देर रात पाक ने हाल के दिनों की सबसे गंभीर हरकत की। पाक की ओर से शुरू हुई गोलाबारी पूरी रात चली। फायरिंग से संघर्ष विराम का उल्लंघन कर पाकिस्तानी बल जल्द ही मोर्टार दागने लगे। उनकी मार की जद में भारतीय क्षेत्र की सीमा चौकियां ही नहीं ग्रामीणों की रिहायश वाले इलाके भी थे। बीएसएफ ने भी तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाब दिया। शनिवार सुबह सात बजे तक दोनों ओर से भीषण गोलाबारी होती रही। शनिवार सुबह नुकसान का पता चला। पाक की ओर हुए नुकसान का सही पता नहीं लग सका है।

पाकिस्तानी गोलाबारी में सीमा क्षेत्र के जोरा फार्म निवासी अकरम हुसैन व उसका बेटा असलम मारे गए और तीन परिजन घायल हो गए। पाक सुरक्षा बल की ओर से छोड़ा गया मोर्टार का गोला छत तोड़ते हुए इनके घर के भीतर आकर फटा था। घायल बीएसएफ जवान कृष्णन उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के भूरा गांव निवासी हेमसिंह का बेटा है। आरएस पुरा के डीएसपी देवेंदर सिंह के मुताबिक, यह हाल के दिनों की सबसे बड़ी व मारक पाकिस्तानी हरकत थी। शनिवार को ही दिन में पाकिस्तानी बलों ने नियंत्रण रेखा पर पुंछ जिले के हमीरपुर सब सेक्टर में गोलीबारी की, जिसका भारतीय बलों ने बिना समय गंवाए मुंहतोड़ जवाब दिया।

पाकिस्तानी गोलीबारी में इस बढ़ोत्तरी की वजह गुलाम कश्मीर से जम्मू इलाके को जोड़ने वाली 60 मीटर लंबी सुरंग का शुक्रवार को पता लगना मानी जा रही है। यह सुरंग पालनवाला सेक्टर में चालका सीमा चौकी के पास खोजी गई थी। माना जा रहा है कि इसका इस्तेमाल आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए किया जाता था। चालू अगस्त महीने में पाक की ओर से 18वीं बार यह संघर्षविराम उल्लंघन था। जम्मू के मंडलीय आयुक्त शांत मनु के अनुसार, पाकिस्तानी गोलाबारी के मद्देनजर सीमा क्षेत्र के आठ गांवों को खाली करा लिया गया है। वहां रहने वाले पांच हजार ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। हालात पर नजर रखी जा रही है। नागरिकों की सुरक्षा में कोई कोर-कसर नहीं रखी जाएगी।

'सरहद पर तैनात भारतीय सेना व सुरक्षा बल पाकिस्तानी गोलाबारी का मुकम्मल जवाब दे रहे हैं। देश को भरोसा रखना चाहिए कि हमारी सेनाएं सीमापार से गोलीबारी की हर एक कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देती हैं।'

- अरुण जेटली, रक्षा मंत्री

पढ़ें: पाक सेना ने फिर की ताबड़तोड़ फायरिंग

पढ़ें: पाक ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.