प.बंगाल और गुजरात में बाढ़ की हालत गंभीर, 100 की मौत
पश्चिम बंगाल और गुजरात में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दोनों राज्यों में बाढ़ से अबतक लगभग 100 लोगों की मौत हो चुकी है। बंगाल में बाढ़ से हालात बिगड़ने के कारण राज्य के 12 जिलों में बनाए गए राहत शिविरों में सवा लाख लोगों को शरण लेनी
कोलकाता/अहमदाबाद। पश्चिम बंगाल और गुजरात में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दोनों राज्यों में बाढ़ से अबतक लगभग 100 लोगों की मौत हो चुकी है। बंगाल में बाढ़ से हालात बिगड़ने के कारण राज्य के 12 जिलों में बनाए गए राहत शिविरों में सवा लाख लोगों को शरण लेनी पड़ी है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले दो दिन और भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
पश्चिम बंंगाल में बाढ़ की स्थिति के बारे प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में संवाददाताओं से कहा कि अब तक 966 राहत शिविर बनाए गए हैं जिसमें 1.25 लाख प्रभावित लोगों ने शरण ली है। उन्होंने बताया कि 124 मेडिकल शिविर भी स्थािपित किए गए हैं।एक समीक्षा बैठक के बाद राज्य में बाढ़ के हालात के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा के मैदानी इलाके के 12 जिले प्रभावित हुए हैं जबकि बारिश या बाढ़ से जुड़ी मौतों की संख्या बढ़ी नहीं है। बाढ़ से राज्य में 39 लोगों की मौत हुई है ।
उधर, गुजरात में भी भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं और मृतकों की संख्या 53 हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि इनमें से 28 लोग सबसे अधिक प्रभावित बनासकांठा जिले में मारे गए। उत्तरी गुजरात और कच्छ में बाढ़ से हुई भारी तबाही को देखते हुए मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने संपत्ति के नुकसान पर मुआवजे की घोषणा की।
एनडीआरएफ के महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि हमने बल के बटालियन को सतर्क रहने को कहा है। हालांकि गुजरात और राजस्थान में हालात में सुधार हो रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में खाने के पैकेट और राहत सामग्रियां हेलीकॉप्टर से वितरित की जा रही हैं।