फांसी की सजा पर प्रतिबंध लगाने की मांग तेज
मुंबई में आतंकी हमले के दोषी याकूब मेमन को फांसी पर लटकाए जाने के बाद देश में फांसी की सजा पर प्रतिबंध लगाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मुंबई में आतंकी हमले के दोषी याकूब मेमन को फांसी पर लटकाए जाने के बाद देश में फांसी की सजा पर प्रतिबंध लगाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। तमाम राजनेताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा इसके खिलाफ आवाज उठाने के बीच बृहस्पतिवार को नेशनल एलायंस ऑफ पीपुल्स मुवमेंट के कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर फांसी की सजा पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक फांसी की सजा मानवता और मानवाधिकार के खिलाफ है। इसे जारी रखने का मतलब राज्य प्रायोजित हत्याओं को जारी रखना है।
विरोध प्रदर्शन में शामिल शिखा के मुताबिक फांसी की सजा को कई देशों में प्रतिबंधित किया जा चुका है। भारत में भी इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग लंबे समय से हो रही है, लेकिन अभी तक इस पर अमल नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि अपराध चाहे कितना भी जघन्य हो उसकी सजा फांसी नहीं हो सकती है, क्योंकि किसी को भी सुधरने का मौका मिलना चाहिए।