किसान खुदकुशी मामले में केजरी, सिसोदिया से हो सकती है पूछताछ
किसान गजेंद्र सिंह मौत मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत आम आदमी पार्टी (आप) के कई बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूछताछ कर सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जो एफआइआर दर्ज की है,
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। किसान गजेंद्र सिंह मौत मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत आम आदमी पार्टी (आप) के कई बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूछताछ कर सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जो एफआइआर दर्ज की है, उसमें साफ तौर पर कहा गया है कि आप के नेता मंच से गजेंद्र को पेड़ पर चढ़ने के लिए उकसा रहे थे और तालियां बजा रहे थे। आप नेताओं व कार्यकर्ताओं के उकसावे के कारण हादसा हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री से पूछताछ करने के लिए उपराज्यपाल को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद दोनों नेताओं से पूछताछ की जाएगी।
दौसा गई क्राइम ब्रांच की टीम
क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गजेंद्र दिल्ली क्यों आए थे? उन्हें क्या परेशानी थी? क्या वह आप की रैली में सुसाइड करने के लिए ही दिल्ली आए थे? इन सभी बिंदुओं की जांच के लिए एसीपी सुरेंद्र कौशिक व इंस्पेक्टर पंकज सिंह के नेतृत्व में नौ अधिकारियों की टीम राजस्थान के दौसा गई है। टीम गजेंद्र के गांव झामरवाड़ा जाकर परिवार के सभी सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है।
गजेंद्र का मोबाइल फोन जब्त
सूत्रों की मानें तो गजेंद्र जब पेड़ पर चढ़ रहे थे, तब उन्होंने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को मोबाइल से फोन किया था। पुलिस ने गजेंद्र के मोबाइल को जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल की जांच की जाएगी। इससे पता लग जाएगा कि गजेंद्र की आप के किन-किन नेताओं व कार्यकर्ताओं से बात हुई थी।
पुलिस और आप आमने-सामने
पुलिस : किसी ने गजेंद्र को उकसाया था।
आप : झूठ बोल रही है दिल्ली पुलिस।
पुलिस : फायर ब्रिगेड बुलाई गई थी।
आप : फायर ब्रिगेड नहीं बुलाई गई।
पुलिस : कानून के मुताबिक जांच।
आप : केंद्र के इशारे पर जांच।
पुलिस : आप के नेता मदद नहीं कर रहे थे।
आप : कार्यकर्ता बचाव में मदद कर रहे थे।
पुलिस : एंबुलेंस रोकने की कोशिश की गई।
आप : एबुलेंस के लिए रास्ता बनाया गया।