बताता था पत्नी, बात हुई ऐसी कि कर दिया गोलियों से छलनी
उसे हमेशा अपनी पत्नी बताया करता था। हर वक्त उसके साथ जिंदगी के हसीन सपनों में गोते लगाता रहता था। कहीं भी निकलती उसके पीछे हो लेता था। बात पति-पत्नी के बेवफाई की नहीं, एक सिरफिरे आशिक की है... एक तरफा प्यार के खौफनाक अंजाम की है।
दरभंगा। उसे हमेशा अपनी पत्नी बताया करता था। हर वक्त उसके साथ जिंदगी के हसीन सपनों में गोते लगाता रहता था। कहीं भी निकलती उसके पीछे हो लेता। बात पति-पत्नी के बेवफाई की नहीं, एक सिरफिरे आशिक की है... एक तरफा प्यार के खौफनाक अंजाम की है।
दानापुर निवासी सूरज दरभंगा के नीमचौक के पास किराए के मकान में तीन दोस्तों के साथ रहता था। घर के पास ही रहने वाली अरुण ठाकुर की बेटी भावना से एकतरफा प्यार करता था। विश्वविद्यालय आते-जाते भावना का पीछा किया करता।
बात बढऩे लगी तो भावना ने कई बार विरोध जताया। साफ कह दिया उससे प्यार नहीं करती। इतने के बाद भी सूरज की दीवानगी खत्म नहीं हुई तो भावना ने घरवालों को पूरी बात बता दी। घरवालों ने सूरज को धमकाया तो उसने अपने एकतरफा प्यार को खौफनाक अंजाम देने की सोच ली।
भावना अपने पिता अरुण ठाकुर के साथ सोमवार की सुबह बाइक से विश्वविद्यालय जाने के लिए निकली, तो सूरज अपने तीनों दोस्तों के साथ रास्ते में उसे रोक लिया। वहीं उससे शादी करने की जिद करने लगा। पिता ने विरोध किया तो भावना पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
अरुण ने शोर मचाना शुरू किया तो उसने उनके सीने में भी दो गोलियां दाग दी। भीड़ जुटी तो उसके दोनों दोस्त भाग गए, लेकिन सूरज भावना से लिपटकर चिल्लाने लगा। मेरी बीवी थी, लेकिन बात नहीं मानती थी, इसलिए गोलियों से छलनी कर दिया। भीड़ को सिरफिरे आशिक की कहानी पता चली तो उसकी धुनाई शुरू कर दी।
इसी बीच पुलिस पहुंच गई और अरुण व भावना को डीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। डीएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया सिरफिरे आशिक सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।