पाकिस्तान में पति भारतीय पत्नी पर कर रहा जुल्म, सुषमा स्वराज ने भेजी मदद
44 वर्षीय महिला हैदराबाद की रहने वाली है, जिसकी शादी लाहौर निवासी मोहम्मद युनिस से वर्ष 1996 में हुई थी।
By Tilak RajEdited By: Published: Tue, 21 Mar 2017 12:19 PM (IST)Updated: Tue, 21 Mar 2017 12:27 PM (IST)
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तुरंत एक्शन लेने के लिए जानी जाती हैं। भारतीय महिला के पिता की गुहार पर भी विदेश मंत्री ने तुरंत मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। पीडि़ता का ससुराल पाकिस्तान में हैं। आरोप है कि ससुराल वाले उसके साथ बुरा व्यवहार करते हैं। सुषमा स्वराज ने मामले पर तुरंत एक्शन लेते हुए पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त से पीडि़त से संपर्क करने को कहा।
दरअसल महिला के पिता ने यू-ट्यूब पर वीडियो जारी कर सुषमा स्वराज से मदद की गुहार लगाई थी। सुषमा स्वराज ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त ने पीड़िता से मुलाकात की है और उसे सुरक्षा के साथ भारत वापस लाने का आश्वासन दिया है। सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया, 'मुझे यू-ट्यूब पर जारी मोहम्मद अकबर का मैसेज मिला कि उनकी बेटी मोहम्मदिया बेगम की शादी पाकिस्तान के एक नागरिक से हुई है। लड़की का पति और ससुराल वाले वहां उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। वह बेहद मुश्किल में है।'
अगले ट्वीट में सुषमा स्वराज ने लिखा, 'हमारे पाकिस्तान में उपास्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारी मोहम्मदिया बेगम से मिला, इस दौरान उन्होंने भारत वापस आने की इच्छा जाहिर की है। इसलिए मैंने भारतीय उच्चायोग से उनके पासपोर्ट का नवीनीकरण करने और उनकी भारत वापसी की व्यवस्था करने को कहा है।'
बता दें कि 44 वर्षीय महिला हैदराबाद की रहने वाली है, जिसकी शादी लाहौर निवासी मोहम्मद युनिस से वर्ष 1996 में हुई थी। मोहम्मदिया बेगम ने अपनी मां हजारा बेगम को फोन पर बताया कि जब से भारतीय उच्चायोग के अधिकारी उससे मिलकर गए हैं, तब से पति युनिस उन्हें पीटता है। कमरे में बंद करके रखता है।
हजारा बेगम ने बताया कि युनिस उनकी बेटी पर बेहद जुल्म कर रहा है। उन्होंने कहा, 'युनिस ने मोहम्मदिया के बच्चों को भी कह दिया है कि वह उससे दूर रहें। क्योंकि वह एक हिंदुस्तानी है और हिंदुस्तान में रहने वाला हर शख्स हिंदू होता है।' सुनने में यह भी आ रहा है कि युनिस ने मोहम्मदिया को धमकी दी है कि वह उसे जिंदा भारत नहीं लौटने देगा।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें