प्रतिबंधों से नहीं झुकेगा तुर्की, रूस से कहा-आग से मत खेलो
आर्थिक प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहे रूस को तुर्की ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है। तुर्की के राष्ट्रपति तैय्यप एरदोगन ने शुक्रवार को प्रतिबंधों के आगे झुकने से इन्कार करते हुए रूस को आग से नहीं खेलने की नसीहत दी।
इस्तांबुल। आर्थिक प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहे रूस को तुर्की ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है। तुर्की के राष्ट्रपति तैय्यप एरदोगन ने शुक्रवार को प्रतिबंधों के आगे झुकने से इन्कार करते हुए रूस को आग से नहीं खेलने की नसीहत दी। उन्होंने लड़ाकू विमान को जानबूझकर मार गिराने के रूस के दावे को भी खारिज कर दिया।
टीवी पर प्रसारित संदेश में एरदोगन ने कहा कि वे रूस के साथ संबंधों में तल्खी नहीं चाहते हैं। लेकिन, वह जिस तरह के कदम उठा रहा है वह सही नहीं है। उन्होंने पेरिस में 30 नवंबर से शुरू हो रहे जलवायु शिखर सम्मेलन के दौरान अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की संभावना भी जताई। इससे पहले पुतिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने बताया कि तुर्की ने एरदोगन और पुतिन के बीच पेरिस में मुलाकात को लेकर प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने कहा कि लड़ाकू विमान मार गिराए जाने के बाद से एरदोगन सात से आठ बार फोन पर पुतिन से बात कर चुके हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को सीरियाई अभियान में शामिल रूस के एक लड़ाकू विमान को तुर्की ने मार गिराया था। रूस का कहना है कि उसका विमान तुर्की के हवाई क्षेत्र में नहीं था और बिना चेतावनी के उसे निशाना बनाया गया। रूसी प्रधानमंत्री दमित्री मेदवेदेव ने गुरुवार को कहा था कि तुर्की के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों की तैयारी की जा रही है।
तेल पर पलटवार
आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के साथ तेल कारोबार के आरोपों पर एरदोगन ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि रूसी तेल कपंनियों के साथ मिलकर आतंकी संगठन तेल की कालाबाजारी कर रहा है। अमेरिका ने इसके दस्तावेज भी पेश किए है। इस संबंध में तुर्की पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने इसका प्रमाण पेश करने की चुनौती दी।