ईपीएफओ इसी महीने शुरू करेगा ऑनलाइन पीएफ ट्रांसफर
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) इसी महीने निजी भविष्य निधि न्यासों के तहत आने वाले संगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए भविष्य निधि खातों के स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन सुविधा शुरू करेगा। पहले ये सुविधा सिर्फ उन्हीं कंपनियों के लिए होंगी जो अपने कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति कोष का प्रबंधन स्वयं करती हैं।
नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) इसी महीने निजी भविष्य निधि न्यासों के तहत आने वाले संगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए भविष्य निधि खातों के स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन सुविधा शुरू करेगा। पहले ये सुविधा सिर्फ उन्हीं कंपनियों के लिए होंगी जो अपने कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति कोष का प्रबंधन स्वयं करती हैं।
श्रम मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि ईपीएफओ ने निजी भविष्य निधि न्यासों और सीधे ईपीएफओ से जुड़ी कंपनियों के बीच आपस में भविष्य निधि खाते के ऑनलाइन ट्रांसफर की सुविधा इस महीने पेश करने की योजना बनाई है। फिलहाल यह सुविधा सिर्फ ईपीएफओ से सीधे जुड़ी कंपनियों के उन कर्मचारियों के पास है जिनके पास अपने भविष्य निधि न्यास नहीं है और वे अपने कर्मचारियों के खाते का प्रबंधन ईपीएफओ के संबद्ध क्षेत्रीय कोष आयुक्त के जरिये करते हैं। यह योजना पिछले साल अक्टूबर में शुरू हुई थी।
फिलहाल 3,621 निजी भविष्य निधि न्यास (पीपीएफटी) हैं जो अपने कर्मचारियों के खातों और सेवानिवृत्ति कोष का प्रबंधन करते हैं। इन न्यासों का नियमन ईपीएफओ करता है। अधिकारियों के मुताबिक ईपीएफओ ने एक प्रणाली विकसित की है जिसके जरिये भविष्य निधि खातों का स्थानांतरण सीधे ईपीएफओ से जुड़ी कंपनियों से निजी न्यासों (पीपीएफटी) को हो सकता है।
पीपीएफटी से भविष्य निधि से सीधे तौर पर जुड़ी कंपनियों में नौकरी के लिए जाने पर भविष्य निधि खातों के ऑनलाइन ट्रांसफर से जुड़ी तकनीकी दिक्कतें थीं। अधिकारी ने कहा कि अब इससे जुड़ी सारी प्रक्रियाएं पूरी हो गई हैं। इसलिए यह सुविधा इस महीने किसी समय शुरू हो सकती है। फिलहाल करीब 5 करोड़ से ज्यादा ऐसे कामगार हैं जिनके भविष्य निधि खातों का प्रबंधन ईपीएफओ करता है।