DUSU Election Result: अध्यक्ष पद पर NSUI का कब्जा, ABVP को झटका
NSUI के रॉकी तूशीद ने अध्यक्ष पद जीतकर ABVP के चार साल के दबदबे को खत्म कर दिया। छात्रसंघ के चुनाव में कुल 1.32 लाख छात्रों ने वोट डाला।
नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में ABVP को करारा झटका लगा है। रोचक मुकाबले में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर NSUI के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। हालांकि ABVP ने सचिव और संयुक्त सचिव के पद पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद की रेस में NSUI के रॉकी तूशीद ने ABVP के रजत चौधरी को हराया है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भी NSUI ने कब्जा किया है।
2016 में ABVP ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार ABVP को दो पद से ही संतोष करना पड़ा। ABVP चार साल से अध्यक्ष पद पर काबिज थी। NSUI के रॉकी तूशीद ने अध्यक्ष पद जीतकर ABVP के चार साल के दबदबे को खत्म कर दिया।
#DUSUelection2017: NSUI wins President Post, ABVP wins Secretary post— ANI (@ANI) September 13, 2017
बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच किंग्सवे कैंप के पास एक सामुदायिक सभागार में दिल्ली विश्विद्यालय छात्रसंघ चुनावों के मतों की गिनती हुई। DUSU अध्यक्ष पद के लिए मुख्य उम्मीदवारों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के रजत चौधरी, NSUI के रॉकी तूशीद, AISA की पारल चौहान, निर्दलीय उम्मीदवार राजा चौधरी और अल्का शामिल थे।
वोटों की गिनती में नाटकीय मोड़ भी आया। पहले खबर आई कि तीन पदों पर NSUI का कब्जा है, लेकिन बाद में यह साफ हुआ कि दो पदों पर NSUI और दो पदों पर ABVP की जीत हुई है। मतों की गिनती के वक्त कांटे की टक्कर रही। शुरुआती राउंड में ABVP ने चारों पदों पर बढ़त बनाई हुई थी, तो बाद में NSUI ने बढ़त बनाई। पिछले साल ABVP ने DUSU के सेंट्रल पैनल में 4 में से 3 सीटों पर कब्जा जमाया था।
43 फीसदी मतदान हुआ
मंगलवार को हुए DUSU चुनाव में कुल 43 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। पिछले साल ABVP ने तीन पदों पर जीत दर्ज की थी, जबकि एनएसयूआई ने वापसी करते हुए संयुक्त सचिव का पद अपने नाम किया था।
1.32 लाख छात्रों ने डाला वोट
अध्यक्ष पद के लिए कुल 24 उम्मीदवार मैदान में थे। उपाध्यक्ष पद के लिए 10, सचिव के लिए पांच और जॉइंट सेक्रटरी के लिए 5 उम्मीदवर चुनाव लड़ रहे थे। इस बार चुनाव के लिए 40 मॉर्निंग कॉलेजों में ईवीएम लगे थे। छात्रसंघ के चुनाव में कुल 1.32 लाख छात्रों ने वोट डाला।
राहुल गांधी ने दी बधाई
डूसू चुनाव में मिली जीत के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कांग्रेस की विचारधारा पर विश्वास जताने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को बधाई दी है।
Congratulations NSUI on a stellar performance & Pres win in #DUSU! Thank DU students for reposing faith in Congress ideology: Rahul Gandhi— ANI (@ANI) September 13, 2017
यह भी पढ़ें: आखिर कैसे हो इलाज, मोहल्ला क्लीनिक खुद हैं बीमार, सरकार को सब पता है
यह भी पढ़ें: रेयान स्कूल: प्रद्युम्न की हत्या में शामिल दूसरा शख्स कौन, सही निकला मां का शक