UP Election 2017: चुनाव प्रचार के दौरान भाजपाइयों पर हमला, दो घायल
भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला सुल्तानपुर में हुआ। मामले में पुलिस मौके पर घंटों बाद पहुंची।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों पर अराजकतत्वों ने बुधवार को हमला बोल दिया जिसमें दो समर्थक लहूलुहान हो गए। सूचना पर काफी देर बाद पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। देर रात तक मुकदमा भी नहीं दर्ज हो सका था।
भाजपा प्रत्याशी सूर्यभान सिंह अपने समर्थकों के साथ बुधवार को धनपतगंज कस्बे में जनसंपर्क कर रहे थे। इसी बीच पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ कुछ अराजकतत्वों ने नारेबाजी शुरू कर दी। आरोप है कि अतरसुमा मोड़ पर पहुंचते ही प्रत्याशी के समर्थकों पर हमला कर दिया गया। मारपीट में अतरसुमा निवासी मनेंद्र गुप्ता व संतोष मिश्र को चोटें आई। प्रत्याशी सूर्यभान सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दे, लेकिन काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच सकी। इधर कुछ लोगों ने सीओ बल्दीराय तौकीर अहमद को भी सूचना दी तब उन्होंने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कूरेभार थाना प्रभारी को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।
यह भी पढ़ेंः भारत और अमेरिका ने मिलकर काम करने का लिया संकल्प
प्रतापगढ़ में भिड़े भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता
रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं में दो बार हुई झड़प में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। भाजपा प्रत्याशी नागेश प्रताप सिंह ने दूसरे पक्ष पर पीटे जाने का आरोप लगाया है तो कांग्रेस की ओर से नागेश व उनके समर्थकों पर हमला व छिनैती का आरोप लगाया गया है। भाजपाइयों ने जाम लगा कर विरोध जताया तो कांग्रेस-सपा की ओर से थाने का घेराव किया गया।
भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों पर हमला
तमकुही विधानसभा क्षेत्र के तरया लच्छीराम गांव में बुधवार की शाम भाजपा प्रत्याशी जगदीश मिश्र उर्फ बाल्टी बाबा के लिए वोट मांगने पहुंचीं उनकी पुत्री डॉ.संध्या तथा उनके समर्थकों पर हमला बोल दिया गया। भाजपा से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे पूर्व विधायक नंद किशोर मिश्र के इस गांव हुए हमले में सात लोग घायल हो गए हैं। दो नामजद तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में पूर्व विधायक के चचेरे भाई बृजकिशोर मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ेंः घाटी में आतंकियों को मिल रहे समर्थन से सतर्क हुईं एजेंसियां