हर दिखाए गए सपने को पूरा कर रही भाजपा: शाहनवाज हुसैन
भाजपा सरकार पर नकली सपने दिखाने का आरोप लगा रही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बयान को भाजपा ने हार की खीझ करार दिया है। पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा ने सपने दिखाए और उसे पूरे भी कर रही है। कांग्रेस के दस साल के कार्यकाल से पस्त जनता राहत की सांस ले रही है, लेकिन कांग्रेस इस खीझ से बाहर
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। भाजपा सरकार पर नकली सपने दिखाने का आरोप लगा रही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बयान को भाजपा ने हार की खीझ करार दिया है। पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा ने सपने दिखाए और उसे पूरे भी कर रही है। कांग्रेस के दस साल के कार्यकाल से पस्त जनता राहत की सांस ले रही है, लेकिन कांग्रेस इस खीझ से बाहर नहीं आ पा रही है कि जनता ने उसे नेता विपक्ष के पद लायक भी नहीं छोड़ा।
कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए सोनिया गांधी की ओर से बुधवार को किए गए हमले का जवाब देने में भाजपा ने देर नहीं की। शाहनवाज ने कहा कि कांग्रेस नेताओं में अब इतनी ताकत भी नहीं बची कि हार की जिम्मेदारी ले। राहुल गांधी को इसी जिम्मेदारी से बचाने के लिए एंटनी समिति बनाई गई जिसने उन्हें क्लीन चिट भी दे दी। सोनिया को भी इसका अहसास है कि जनता ने कांग्रेस को डरावने सपने की तरह खारिज कर दिया। आरोप भाजपा पर लगा रही हैं लेकिन वह भूल गईं कि उनकी सरकार ने जनता को दस साल तक भरमाया। भाजपा सरकार ने ख्वाब दिखाया है तो उसे पूरा करने की दिशा में कदम भी बढ़ाया है। कांग्रेस के कुशासन का यह हाल है कि उनके मुख्यमंत्री अब जनता के सामने जाने से भी डरने लगे हैं। लिहाजा, सोनिया को भाजपा पर उंगली उठाने की बजाय अपने मुख्यमंत्रियों की चिंता करनी चाहिए। गौरतलब है कि मंगलवार को हरियाणा के कैथल में एक सरकारी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में जनता ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा की हूटिंग की थी।
पढ़ें : सोनिया का मोदी पर वार, नकली सपना दिखाने वाले आगे निकल गए
पढ़ें : अय्यर का विवादित बयान, गांधीनगर के आगे समंदर तक मोदी को भेजें