पाकिस्तान से निपटने में भारत की मदद लेंगे डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव सुर्खियों में छाए डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान को अस्थिर परमाणु हथियार वाला देश बताया है। साथ ही कहा है कि पाक निपटने के लिए भारत की मदद लेंगे।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी के लिए सबसे आगे चल रहे डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान को अस्थिर परमाणु हथियार वाले देश की संज्ञा दी है। उन्होंने कहा कि यह देश एक समस्या है और इससे निपटने में वह भारत की मदद लेंगे। विदेश नीति पर भाषण के दौरान ट्रंप ने यह बात एक सवाल के जवाब में कही। सवाल था कि वह पाकिस्तान जैसे देश से कैसे निपटेंगे, जो अमेरिका के सामने अक्सर अपना दोहरा चरित्र प्रस्तुत करता है।
प्रश्नकर्ता ने पूछा, हम उसे पैसा देते हैं और वह हमें नकली चेहरा दिखाता है। ट्रंप ने कहा, समस्या पाकिस्तान के साथ है। जहां पर परमाणु हथियार हैं। यही असली समस्या है। यह अकेली सबसे बड़ी समस्या है। वह अकेला ऐसा देश नहीं है जिसके पास परमाणु हथियार हैं। नौ देश हैं जिनके पास परमाणु हथियार हैं। लेकिन पाकिस्तान अस्थिरता का शिकार है। हम उसे पूरी तरह से अस्थिर होते नहीं देख सकते। हम उससे अच्छे संबंध चाहते हैं। ट्रंप ने कहा, हम पाकिस्तान को मदद देते हैं और धन भी देते हैं। ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि वह गलत दिशा में न चला जाए। अगर वह गलत दिशा में चला गया तो विपदा खड़ी हो जाएगी। ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह विपदा क्या होगी।
रिपब्लिकन नेता ने कहा, दूसरी तरफ भारत समेत अन्य कई देश हैं। जिन्हें अमेरिका मदद और बहुत ज्यादा धन देता है, उनसे हमें बदले में कुछ मिलता भी नहीं है। बावजूद इसके हमें उनसे कोई शिकायत नहीं है। ट्रंप का यह बयान उसी दिन आया है जब अमेरिकी सांसदों ने पाकिस्तान से अपेक्षित नतीजे न आने के बावजूद उसे अरबों डॉलर की सहायता दिए जाने पर ओबामा प्रशासन से सवाल पूछा है।
संसदीय समिति के समक्ष सांसद मैट सैलमन ने कहा, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले के बाद पाकिस्तान को आतंकवाद से लड़ाई के नाम पर 25 अरब डॉलर (1.66 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा) से ज्यादा की अमेरिकी मदद मिल चुकी है। इसके बावजूद वहां पर आतंकी संगठन लगातार सक्रिय हैं और आतंकी भारत में घुसकर हमले करते हैं।
यह भी पढ़ेंः यूके भागे माल्या को लाया जाएगा वापस, भारत ने प्रत्यर्पण के लिए लिखा खत