जिस डोकलाम विवाद पर है दुनिया की नजर, उसे लेकर चीनियों का ये हाल
डोकलाम विवाद को लेकर चीन लगातार अपनी दादागिरी दिखा रहा है, भारत पर कई गंभीर आरोप लगा चुका है। मगर चीनी नागरिकों का क्या रुख है जानकर हैरान रह जाएंगे।
नई दिल्ली। पिछले एक महीने से सिक्किम सीमा पर भारत और चीन के बीच लगातार गतिरोध जारी है। डोकलाम विवाद को लेकर पूरी दुनिया की भारत-चीन पर नजर है। सरकारी चीनी मीडिया के हवाले से कई बार भारत के खिलाफ जहर उगला जा चुका है। सैन्य कार्रवाई को लेकर भी धमकाया जा चुका है। मगर आपको जानकर हैरानी होगी कि इतने बड़े विवाद के बारे में ज्यादातर चीनी युवाओं को पता ही नहीं है, क्योंकि सरकारी मीडिया की तरफ वे बहुत कम ही ध्यान देते हैं।
जी हां, जैसा कि हमारे यहां कोई भी मुद्दा होता है तो सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ सी आ जाती है। मगर चीनी सोशल मीडिया पर इस सीमा विवाद को लेकर ना के बराबर चर्चा देखने को मिली है, जिससे इस मुद्दे के प्रति चीनी युवाओं का उदासीन रुख बिल्कुल स्पष्ट है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, शनिवार को ट्विटर के चीनी वर्जन 'सिना वेईबो' पर 50 ट्रेंडिंग टॉपिक में डोकलाम विवाद कहीं भी नजर नहीं आया। जबकि चीन में इसके 340 मिलियन से ज्यादा यूजर्स हैं।
यह संकेत है कि सरकारी मीडिया का एक धड़ा भारत के खिलाफ माहौल तैयार करने में सफल नहीं रहा। संभवत: ऐसा इसलिए क्योंकि आम चीनी नागरिकों के बीच भारत को लेकर दुश्मनी का कोई इतिहास नहीं रहा है। जबकि 2012 में क्षेत्रीय विवाद के दौरान चीन के अति-राष्ट्रवादी जापान के खिलाफ देशभक्ति की अलख जगाने में कामयाब रहे थे, क्योंकि दोनों देशों के बीच पहले भी काफी विवाद रहे हैं।
आपको बता दें कि डोकलाम में चीनी सेना द्वारा एक सड़क निर्माण को लेकर यह पूरा विवाद शुरू हुआ है। चीन ने सिक्क्मि में भारतीय सैनिकों पर सीमा पार करने और उनका सड़क निर्माण कार्य रुकवाने का आरोप लगाया है। साथ ही लगातार मांग कर रहा है कि भारत जितनी जल्दी हो सके अपने सैनिकों को वापस बुला ले। मगर भारत भी चीन को मुंहतोड़ जवाब दे रहा है। हाल ही में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मुद्दे पर पूरी दुनिया भारत के साथ है और नियम एवं कानून भी भारत के पक्ष में हैं।
यह भी पढ़ें: चीन पर आक्रामक हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, नेवी को दी खुली छूट