भीड़भरे रोड शो के बाद राहुल ने भरा पर्चा
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को भीड़ भरे रोड शो के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी नामजदगी का पर्चा भरा। इस दौरान रास्ते भर उन पर गुलाब की पंखुड़ियों और फूल-मालाओं की बारिश होती रही। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा, भांजी मिराया और कांग्रेस के वरि
अमेठी, जागरण न्यूज नेटवर्क। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को भीड़ भरे रोड शो के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी नामजदगी का पर्चा भरा। इस दौरान रास्ते भर उन पर गुलाब की पंखुड़ियों और फूल-मालाओं की बारिश होती रही। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा, भांजी मिराया और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी थे। नामांकन के बाद राहुल ने अपनी अच्छी जीत के प्रति आश्वस्ति जतायी। उनकी बहन प्रियंका ने कहा कि प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी अमेठी में कुछ दिनों के पर्यटन के लिए आए हैं। उनका यहां पर स्वागत होना चाहिए।
इससे पहले मध्याह्न में अमेठी पहुंचे राहुल ने बहन प्रियंका के साथ स्पोर्ट्स वाहन की छत पर बैठकर काफी लंबे रास्ते में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनका काफिला जहां से भी होकर गुजरा, लोगों ने हाथ हिलाकर और उनसे हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। रोड शो में पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और उनकी पत्नी अमिता सिंह भी साथ थे। राहुल का रोड शो सुल्तानपुर जिले के अमहट से शुरू हुआ था। यहीं पर वह मां सोनिया गांधी के साथ हेलीकॉप्टर से उतरे थे। पार्टी के चार स्थानीय नेता राहुल के प्रस्तावक बने हैं, जो अलग-अलग जाति एवं समुदायों से हैं।
पत्रकारों से बातचीत में राहुल ने नरेंद्र मोदी की कोई लहर होने से इन्कार किया। यह भी कहा कि उन्होंने किसी पर भी व्यक्तिगत हमला नहीं किया है। उनका भाषण पूरी तरह से शपथ पत्र में दी गई जानकारी को लेकर था। यह बात उन्होंने मोदी के वैवाहिक जीवन को लेकर अपने हाल के भाषणों में की गई टिप्पणी पर कही।