फड़नवीस की पत्नी बाबा से नेकलेस लेकर विवादों में
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की पत्नी अमृता एक बाबा से नेकलेस लेने पर विवादों में घिर गई हैं। एक कार्यक्रम के दौरान गुरुवानंद स्वामी ने हवा में हाथ हिलाकर जादू से यह हार उन्हें दिया।
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की पत्नी अमृता एक बाबा से नेकलेस लेने पर विवादों में घिर गई हैं। एक कार्यक्रम के दौरान गुरुवानंद स्वामी ने हवा में हाथ हिलाकर जादू से यह हार उन्हें दिया।
यह वाकया पुणे के एक शैक्षिक संस्थान की ओर से आयोजित पुरस्कार समारोह के दौरान हुआ। इस घटना का वीडियो मराठी चैनलों पर खूब दिखाया जा रहा जिसमें दिख रहा है कि अमृता गुरुवानंद स्वामी से एक हार ग्रहण कर रही हैं। वह इसे हवा में हाथ हिलाकर दे रहे हैं।
इस घटना पर महाराष्ट्र में अंधविश्वास उन्मूलन समिति के अध्यक्ष अविनाश पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी पत्नी के कृत्य पर रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्हें माफी भी मांगनी चाहिए।
इस बीच सोमवार को अमृता ने कहा कि वह चमत्कार में विश्वास नहीं करती हैं। उन्होंने कहा, "मैंने एक बुजुर्ग व्यक्ति होने के नाते उनका अभिवादन किया था। गुरुवानंद स्वामी ने आशीर्वाद के रूप में एक नेकलेस भेंट किया।"