कैब रेप कांड: आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर भेजा
दिल्ली में युवती से दुष्कर्म करने वाले कैब ड्राइवर शिवकुमार यादव को कल गिरफ्तार करने के बाद आज दिल्ली तीस हजारी कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसको तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वह पहले आरोपी का मोबाइल रिकवर
नई दिल्ली। दिल्ली में युवती से दुष्कर्म करने वाले कैब ड्राइवर शिवकुमार यादव को कल गिरफ्तार करने के बाद आज दिल्ली तीस हजारी कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसको तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वह पहले आरोपी का मोबाइल रिकवर करना चाहती है। इस दौरान उसके बारे में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है।
उबेर की सर्विस बंद
इस घटना के बाद परिवहन आयुक्त ने उबेर कंपनी की सर्विस को दिल्ली में तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। विशेष परिवहन आयुक्त केएस गंगेर ने बताया है कि घटना के बाद घटना के दौरान इस्तेमाल में आई कार का रजिस्ट्रेशन और आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस को रद कर दिया गया है।
आपराधिक प्रवृति का है आरोपी
बताया जा रहा है कि दिल्ली के ही महरौली थाने में उस पर एक अन्य दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। यह मामला सन 2011 में दर्ज किया गया था। इस एफआईआर के बाद उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी। पुलिस इस मामले को लेकर भी जांच कर रही है। हालांकि, आरोपी की दलील है कि वह महारौली वाले केस से बरी हो चुका है। वहीं,आरोपी के गांव वाले लोगों का कहना है कि बचपन से ही आपराधिक प्रवृति का था।
सीरियल रेपिस्ट हो सकता है आरोपी
अधिकारियों ने इस आशंका से इनकार नहीं किया है कि आरोपी चालक के खिलाफ दिल्ली के अलावा भी अन्य जगहों पर ऐसे मामले दर्ज हो सकते हैं। मामले की जांच कर रहे अधिकारी से आरोपी ने कहा कि मुझसे गलती हो गई, मैं क्या करूं। रविवार को उसे मथुरा से गिरफ्तार किया गया था।
दिल्ली पुलिस ने जारी किया कैरेक्टर सर्टिफिकेट
इस बीच एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। दक्षिण पूर्व दिल्ली पुलिस के कार्यालय की ओर से आरोपी चालक के पक्ष में चरित्र प्रमाण पत्र जारी किया गया था। इसमें साफ लिखा गया है कि शिव कुमार यादव पर किसी तरह का कोई आरोप नहीं है।
आरोपी की पिता से भी नहीं बनती
हाईस्कूल तक पढ़े शिवकुमार के पिता प्रधानाध्यापक थे, लेकिन उसकी आदतों के चलते उनसे भी उसकी नहीं पटी। शिवकुमार शुरू से ही शराब का लती है। गांव रामनगर के ग्रामीणों के मुताबिक, शिवकुमार करीब चार साल से दिल्ली में रह रहा था। दो साल पहले ही उसने स्विफ्ट डिजायर गाड़ी खरीदी थी और दिल्ली में चलाता था। पिता रामनाथ परिषदीय स्कूल में प्रधानाध्यापक थे। सबसे छोटा भाई लंकुश मंदबुद्धि है और गांव में ही रहता है। गांव वालों की मानें तो शिवकुमार की पिता और भाइयों से कभी नहीं पटी। पहले वह पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। अक्सर तीन-चार माह में घर आने वाला शिवकुमार करीब दो साल से गांव नहीं आया। 76 वर्षीय पिता रामनाथ और मां धर्मदेवी रविवार को घर में नहीं थे।
बड़े भाई की पत्नी के साथ रहता था आरोपी
तीन भाइयों में दूसरे नबंर का शिवकुमार शुरू से ही आवारा था। उसने हाईस्कूल तक पढ़ाई जागीर कस्बे के चौधरी सूरज सिंह जिला पंचायत इंटर कॉलेज से की थी। बड़े भाई कुंवरपाल की करीब चार साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद वह कुंवरपाल की पत्नी के साथ रहने लगा और उसे लेकर दिल्ली चला गया, बाद में उस महिला का पता नहीं चला।
दुष्कर्म आरोपी कैब चालक मथुरा से गिरफ्तार
50 हजार लो, दुष्कर्म पीड़िता का गर्भपात करा दो नेपाल में भारतीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म