'स्वच्छ भारत अभियान' के लिए भाजपा ने तैयारी में झोंकी पूरी ताकत
स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में दिल्ली प्रदेश भाजपा ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी नेता कार्यकर्ताओं के साथ-साथ रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे हैं। साथ ही जनसंपर्क अभिय
नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में दिल्ली प्रदेश भाजपा ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी नेता कार्यकर्ताओं के साथ-साथ रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे हैं। साथ ही जनसंपर्क अभियान चलाकर भी लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए डीटीसी की एक हजार बसें भी चलेंगी।
किया जनसंपर्क
मंगलवार को भाजपा पदाधिकारियों ने 14 जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर दो अक्टूबर के कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपना योगदान सुनिश्चित करने के साथ ही आम जनता को भी जोड़ने का निर्देश दिया। वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मंगलवार को मालवीय नगर व हौजरानी निगम वार्डो के अंतर्गत क्षेत्रीय आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सफाई अभियान के लिए जागृति कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने आरडब्ल्यूए को आश्वासन दिया कि स्थानीय नगर निगम कर्मचारी उन्हें स्वच्छ भारत अभियान में पूर्ण सहयोग देंगे और यदि कोई कर्मचारी कोताही बरते तो उसकी सीधी शिकायत क्षेत्रीय निगम पार्षद से करें।
पार्क की भी दशा सुधरेगी
उपाध्याय ने कहा कि यह अभियान केवल सड़क से कूड़ा उठाने तक सीमित नहीं है। इसके अंतर्गत सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे पार्को की दशा सुधारने व स्ट्रीट लाइट सुचारू करना भी शामिल है। प्रदेश महामंत्री व दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी ने कालकाजी के पॉकेट चार व 14 में जनसंपर्क अभियान चलाया।
बापू को श्रद्धांजलि दे करेंगे अभियान की शुरुआत
भाजपा नेताओं ने बताया कि दो अक्टूबर को सुबह सात बजे प्रधानमंत्री राजघाट पर बापू को श्रद्धांजलि देंगे। उसके बाद वाल्मीकि बस्ती में स्वच्छ भारत अभियान का उद्घाटन करेंगे। वहां से वे इंडिया गेट पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। जहां स्वच्छ भारत दौड़ व पतंगबाजी कार्यक्रम का आयोजन होने के साथ स्वच्छता का संकल्प लिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में लगभग 20 हजार लोगों को शामिल करने की कोशिश की जा रही है, जिसमें लगभग तीन हजार स्कूली बच्चे होंगे। नेताओं का कहना है कि यह सरकारी कार्यक्रम है, जिसे सफल बनाने में भाजपा सहयोग कर रही है।