शत्रुघ्न के बाद वरुण के रुख से भाजपा ने बनाई दूरी
शत्रुघ्न सिन्हा के बाद भाजपा सांसद वरुण गांधी से पार्टी असहज है। मुंबई के गुनहगार याकूब मेमन की फांसी के बाद छिड़ी बहस में वरुण ने फांसी की सजा के खिलाफ मत जताया है। भाजपा ने उनसे दूरी बनाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बेहद संगीन मामलों के लिए
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। शत्रुघ्न सिन्हा के बाद भाजपा सांसद वरुण गांधी से पार्टी असहज है। मुंबई के गुनहगार याकूब मेमन की फांसी के बाद छिड़ी बहस में वरुण ने फांसी की सजा के खिलाफ मत जताया है। भाजपा ने उनसे दूरी बनाते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बेहद संगीन मामलों के लिए ऐसी सजा का प्रावधान रखा है।
वरुण ने एक पत्रिका में लेख के जरिए फांसी की सजा का विरोध किया है और आंकड़े पेश करते हुए यह साबित करने की कोशिश की है कि फांसी दी सजा सामान्यता उन लोगों को मिलती है जो सामाजिक आर्थिक पहलू से कमजोर होते हैं। उन्होंने इस क्रम में कहा कि सामान्यता फांसी की सजा दलितों या अल्पसंख्यकों को मिली है। हालांकि उन्होंने याकूब के बाबत कुछ नहीं कहा है लेकिन कुछ ही दिन पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने याकूब पर नरमी के लिए राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखी थी। जबकि भाजपा फांसी की सजा का स्वागत कर चुकी है।
ऐसे में पार्टी मंच से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शत्रुघ्न या वरुण पर तो कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई लेकिन परोक्ष रूप से आपत्ति जता दी। उन्होंने कहा, फांसी की सजा का प्रावधान संगीनतम अपराधों के लिए किया गया है।