पूर्व नियोजित था केरल में दलित छात्रा का दुष्कर्म कांड
दलित छात्रा के साथ दुष्कर्म और जघन्य हत्या की घटना को पुलिस ने शुक्रवार को पूर्व नियोजित बताया है।
कोच्चि, प्रेट्र। एर्नाकुलम में दलित छात्रा के साथ दुष्कर्म और जघन्य हत्या की घटना को पुलिस ने पूर्व नियोजित बताया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद्मकुमार ने शुक्रवार को बताया कि घटना की जांच अब अहम दौर में पहुंच गई है।
ऐसा लगता है कि सब कुछ अचानक से नहीं हो गया। यह घटना संभवतः पूर्व नियोजित थी। पद्मकुमार इस मामले की एसआइटी द्वारा हो रही जांच की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मामले की जांच सही दिशा में चल रही है। हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कुछ कहने से उन्होंने इन्कार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि केरल के एर्नाकुलम जिले में 28 अप्रैल को कानून की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस सिलसिले में अब तक सवा सौ से अधिक लोगों के साथ पूछताछ कर चुकी है। इनमें छात्रा के पड़ोसी, एक बस चालक और उसका सहयोगी शामिल है।