युवक की मौत पर खंडवा में तनाव, लगाया गया कर्फ्यू
शहर में बुधवार रात करीब
खंडवा। शहर में बुधवार रात करीब 9 बजे युवक की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। वहीं इससे पहले पुलिस ने यहां धारा 144 लागू की थी। बावजूद इसके कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने हुड़दंगियों को रोकने के लिए लाठियां भांजी और आंसू गैस छोड़ी। कलेक्टर शिल्पा गुप्ता ने तनाव को देखते हुए गुरुवार को शहर के सभी स्कूल व कॉलेज को बंद रखने के आदेश जारी किए थे। वहीं पुलिस अधीक्षक ने स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है।
जिला अस्पताल के अनुसार माता चौक नर्मदापुरम कॉलोनी निवासी सुशील कुमार कुड़के (30) को गंभीर अवस्था में लाया गया था। जिसकी बाद में मौत हो गई। युवक एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस में कार्यरत था। बताया जाता है कि युवक पर इमलीपुरा क्षेत्र में हमला किया गया था। कुछ स्थानों पर पथराव के बाद ट्रैफिक पुलिस जवान रामदास सेनानी और अहमदपुर खैगांव के ग्रामीण जगदीश पाल के साथ भी मारपीट हुई। घटना के बाद शहर में तनाव बढ़ गया। कहारवाड़ी, छीपा कॉलोनी सहित कुछ अन्य स्थानों पर भी मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई। रात 10 बजे तक बाजार पूरी तरह बंद हो गए।
उपद्रवियों की तलाश
खानशाहवली क्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने आंसू गैस का प्रयोग भी किया। मुख्य मागरें पर पुलिस ने लोगों पर लाठियां भांजते हुए घरों की तरफ रवाना किया। उपद्रवियों को तलाशा जा रहा है। घटना से कुछ देर पहले तक फेसबुक पर भाजपा नगर निगम अध्यक्ष अमर यादव की आइडी से एक कमेंट को लेकर भी चर्चा रही। हालांकि यादव ने स्पष्ट किया कि उनकी तरफ से कोई पोस्ट नहीं की गई है। किसी ने फर्जी पोस्ट की है। इधर बताया जाता है कि फर्जी फेसबुक आईडी से टिप्पणी करने वाले संदिग्ध युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
रात में हंगामा
जिला अस्पताल में मृतक के परिजन ने पोस्टमार्टम कक्ष में रखे शव को देखने की बात पर हंगामा कर दिया। कुछ वरिष्ठजन के समझाने के बाद मृतक के परिजनों को शव दिखाया गया। विधायक देवेंद्र वर्मा भी जिला अस्पताल पहुंचे। वहां पहले से ही भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष कोठारी अन्य नेता मौजूद थे।