गुवाहाटी में महात्मा गांधी की प्रतिमा हटाने के निर्णय का विरोध
हेरिटेज कंजरवेशन सोसाइटी ऑफ असम के अध्यक्ष माणिक बोरा ने कहा कि 47 साल पुरानी यह कांस्य प्रतिमा असम का गौरव है।
गुवाहाटी, प्रेट्र। कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन के गुवाहाटी में गांधी मंडप के ऊपर से महात्मा गांधी की प्रतिमा हटाने के निर्णय पर कलाकारों और स्वतंत्रता सेनानियों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सोमवार को उपायुक्त एम अंगमुथु की अध्यक्षता में हुई बैठक में गुवाहाटी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत गांधी मंडप के विकास के लिए महात्मा गांधी की प्रतिमा हटाने का निर्णय लिया गया है।
हेरिटेज कंजरवेशन सोसाइटी ऑफ असम के अध्यक्ष माणिक बोरा ने कहा कि 47 साल पुरानी यह कांस्य प्रतिमा असम का गौरव है। यह हमारा सौभाग्य है कि यह हमारे राज्य में है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा को हटना दुर्भाग्यपूर्ण होगा। हम प्रशासन के इस कदम का विरोध करेंगे। सरकार ने इस प्रतिमा का महत्व नहीं समझा। असम फ्रीडम फाइटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जतिन गोस्वामी ने भी प्रशासन के कदम का विरोध करते हुए कहा कि हम सरकार को महात्मा गांधी की प्रतिमा नहीं हटाने देंगे।
यह भी पढ़ें: जानिए क्यों, असम में गांधी की इस मूर्ति को बदलने का लिया गया फैसला