गुजरात में चुनाव तक उत्साह बनाए रखना चाहती है कांग्रेस
इस दिन पार्टी ईश्वर देसाई के भूमिहीन आंदोलन के शहीदों की याद में जनसभा का आयोजन कर रही है।
जागरण संवाददाता, अहमदाबाद। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अहमद पटेल की जीत के बाद से पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं। पार्टी इस माहौल को चुनाव तक बरकरार रखने की रणनीति बना रही है। प्रदेश कांग्रेस ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और लोकसभा में पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को एक सितंबर को गुजरात आने का न्योता दिया है।
इस दिन पार्टी ईश्वर देसाई के भूमिहीन आंदोलन के शहीदों की याद में जनसभा का आयोजन कर रही है। दक्षिण गुजरात के वलसाड जिले में इस जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। देसाई ने इसी जिले में भूमिहीन किसानों, आदिवासियों और मजदूरों के लिए आंदोलन चलाया था।
गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी पिछले चार दिनों से दिल्ली में थे, जहां उन्होंने आलाकमान को राज्य की जमीनी हकीकत से अवगत कराया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया, सिद्धार्थ पटेल, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्तिसिंह गोहिल, गुजरात विधानसभा में नेता विपक्ष मोहनभाई राठवा भी सोलंकी के साथ थे।
20 अगस्त को गुजरात के विधायक भी दिल्ली पहुंचेंगे। वहां उनकी भेंट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से होगी। 29 अगस्त को पार्टी इन सभी विधायकों को तिरुपति बालाजी दर्शन के लिए ले जाएगी। इससे पहले 24 को विधायकों का अहमदाबाद में पार्टी की ओर से सम्मान भी किया जाएगा। माना जा रहा है कि आगामी चुनाव में इन 44 विधायकों का टिकट पक्का है।
वाघेला की भरपाई राठवा से
शंकरसिंह वाघेला के कांग्रेस छोड़ने के बाद पार्टी अब इस बडे़ नेता की कमी को भरने का प्रयास कर रही है। नौ बार से विधानसभा चुनाव जीतते आ रहे मोहन राठवा को नेता विपक्ष बनाकर कांग्रेस ने वाघेला की कमी पूरी करने का प्रयास किया है। इसके अलावा आदिवासी वोट बैंक पर भी पार्टी की नजर है। कांग्रेस अपना चुनाव अभियान आदिवासी बहुल दक्षिण गुजरात से कर इसी रणनीति पर आगे बढ़ रही है।