राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ नसबंदी कांड को भ्रष्टाचार से जोड़ा
उन्होंने कहा कि लापरवाही के बाद भी राज्य सरकार सिर्फ मामले को दबाने में लगी है। यही नहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष ने यहां तक कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं है बल्कि भ्रष्टाचार का मामला है।
बिलासपुर। नसबंदी से महिलाओं की मौत के मामले में पीड़ित परिवारों से मिलने शनिवार को राहुल गांधी बिलासपुर के अमसेना गांव पहुंचे।
अपने दौरे के बाद पत्रकारों से मुखातिब राहुल गांधी ने सीधे तौर पर राज्य सरकार को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि लापरवाही के बाद भी राज्य सरकार सिर्फ मामले को दबाने में लगी है। यही नहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष ने यहां तक कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं है बल्कि भ्रष्टाचार का मामला है।
इससे पहले यहां उन्होंने नसबंदी ऑपरेशन के बाद जान गंवाने वाली महिलाओं के परिवारों को ढांढस बधाई। राहुल ने उनसे कहा कि कांग्रेस पार्टी आपके साथ ही और वह आपके हक की लड़ाई लड़ेगी।
राहुल गांधी ने सिम्स अस्पताल पहुंचकर भी प्रभावित महिलाओं से उनका हालचाल जाना। श्री गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं, परिजनों और चिकित्सकों ने इस मामले की वजह जानने का प्रयास भी किया।
उनके साथ बीके हरिप्रसाद और भूपेश बघेल भी थे। राहुल गांधी अपोलो अस्पताल भी जाएंगे। इसके बाद उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम है। यहां से राहुल गांधी रायपुर जाएंगे।