दाऊद की बीवी की भारत यात्रा पर कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
फरार डॉन की बीवी की यात्रा से केंद्र और महाराष्ट्र सरकार के साथ ही राज्य और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़ा होता है।
नई दिल्ली, आइएएनएस । कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार बताए कि आखिर भगोड़े डॉन दाऊद इब्राहिम की बीवी पिछले वर्ष मुंबई की यात्रा करने में कैसे सफल रही। फरार डॉन की बीवी की यात्रा से केंद्र और महाराष्ट्र सरकार के साथ ही राज्य और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़ा होता है।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक वीडियो संदेश में कहा है, 'दाऊद इब्राहिम की बीवी महजबिन शेख 2016 में अपने पिता से मिलने के लिए मुंबई आई थी और मोदी सरकार सोती रही।'
सुरजेवाला की इस टिप्पणी से एक दिन पहले इकबाल इब्राहिम कासकर ने पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को बताया था कि महजबिन शेख (दाऊद इब्राहिम की बीवी) 2016 में मुंबई आई थी। गिरफ्तार कासकर ने कहा कि वह अपने पिता सलीम कश्मीरी से मिलने आई थी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह देश को राष्ट्रीय सुरक्षा में हुई चूक के बारे में बताएं। किन परिस्थितियों में खतरनाक आतंकी की बीवी ने देश में कदम रखा और लौट भी गई।