गोवा: राज्यपाल के संबोधन के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने किया वॉकआउट
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था, लेकिन कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।
पणजी, प्रेट्र। गोवा में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किए जाने से नाराज कांग्रेस विधायकों ने गुरुवार को विधानसभा में राज्यपाल मृदुला सिन्हा के संबोधन के दौरान विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद वे सदन से बाहर चले गए।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था, लेकिन कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। कांग्रेस विधायकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। सदन में जब राज्यपाल संबोधन के लिए उठीं तब विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर ने कहा, 'राज्यपाल ने जब हमें सरकार बनाने के लिए मौका नहीं दिया तब लोकतंत्र की हत्या हुई। हमारे पास संख्या बल होने के बावजूद हमें सरकार बनाने की अनुमति नहीं दी गई।' इसके बाद सभी कांग्रेस विधायक खड़े होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे और सदन से वाकआउट कर गए।
इस दौरान राज्यपाल का संबोधन जारी रहा।हाल ही में 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस 17 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। उसके बाद 13 सीटों के साथ भाजपा थी। हालांकि भाजपा ने क्षेत्रीय दलों और निर्दलीयों की मदद से मनोहर पर्रीकर की अगुआई में सरकार का गठन कर लिया।
यह भी पढ़ें- गोवा में नहीं चल पाएंगी देर रात तक चलने वाली पार्टियां