भाजपा विधायक बोले, नेहरू की वजह से देश में हो रहे रेप
राजस्थान के भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने कहा है कि देश में रेप की घटनाओं के लिए नेहरू-गांधी परिवार ही दोषी हैं।
जागरण संवाददाता, जयपुर। जेएनयू को सेक्स रैकेट का अड्डा बताने वाले राजस्थान के भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने एक बार फिर से विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में रेप की घटनाओं के लिए नेहरू-गांधी परिवार ही दोषी है। इस परिवार की सभी मूर्तियां तोड़ देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की सभी समस्याएं जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी की वजह से हैं। इनकी वजह से ही देश में भ्रष्टाचार और बलात्कार बढ़ा है। वह अलवर में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा विधायक ने कहा कि उनकी जेएनयू से सेक्स रैकेट का अड्डा कहने की बातें सच साबित हो रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिव्य पुरुष हैं और भारत की सभी समस्याएं खत्म कर देंगे। इधर, विधायक के इस बयान पर कांग्रेस के प्रवक्ता अर्चना शर्मा ने कहा कि विधायक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और प्रधानमंत्री को इनका इलाज करवाना चाहिए। भाजपा विधायक इसी तरह का ख्वाब देखा करते हैं। देश की जनता इनके इन बकवासों का जवाब देगी।