शीतलहर से थर-थर कांपा उत्तर भारत
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार में हाड़ गला देने वाली सर्दी पड़ रही है।
जेएनएन, नई दिल्ली। समूचा उत्तर भारत कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। दिल्ली में बुधवार को इस सीजन का सबसे सर्द दिन दिन दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं कश्मीर घाटी में सर्द हवाओं ने जनजीवन को अस्तव्यस्त कर रखा है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार में हाड़ गला देने वाली सर्दी पड़ रही है।
घाटी में जमने लगी डल झील
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान के लगातार जमाव बिंदु से नीचे जाने के चलते डल झील समेत सभी जलस्रोत फिर से जमने लगे हैं। बुधवार को विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग न्यूनतम तापमान -13 डिग्री सेल्सियस के साथ वादी, जबकि लेह -16 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। वहीं अधिकांश नलों के जमने से लोगों को पेयजल की आपूर्ति के लिए दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।
कड़ाके की सर्दी की गिरफ्त में उत्तराखंड
उत्तराखंड में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। उस पर चारधाम समेत चोटियों पर लगातार बर्फबारी ने इसमें और इजाफा कर दिया है। इस बीच बुधवार को दोपहर बाद भी बर्फबारी हुई, जबकि कुछ इलाकों में कहीं हल्की बारिश हुई तो कहीं बौछारें पड़ीं। मसूरी, नैनीताल, मुनस्यारी, हरिद्वार में तो न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। देहरादून में भी बुधवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां न्यूनतम पारा 2.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
राजस्थान में खून जमा देने वाली सर्दी
राजस्थान में खून जमा देने वाली सर्दी की चपेट में है। प्रदेश के कई इलाकों में बीती रात पारा जमाव बिंदू से नीचे खिसक गया, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में घरों, खलिहानों में बर्फ की चादर बिछ गई। सीकर के फतेहपुर में बीती रात पारा माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। फलौदी में तापमान लगातार दूसरे दिन आज जमाव बिन्दु से नीचे रहा है। वहीं घरों के बाहर रखे बर्तनों और खेतों में बर्फ की चादर बिछी नजर आई।
उप्र में हाड़तोड़ सर्दी
दिन भर सर्द हवाओं से लोगों के हाड़ कांप गए। गलन के कारण हाथ-पैर सुन्न होते रहे। मथुरा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां पंद्रह साल का रिकार्ड तोड़ते हुए पारा -3 डिग्री पर जाकर रुका। सहारनपुर में 50 साल का रिकार्ड तोड़ते हुए पारा -2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तीसरे स्थान पर मुजफ्फरनगर का तापमान 1.5 डिग्री रहा। वहीं सर्दी ने बारह लोगों को मौत के मंुह में भी पहुंचा दिया। मध्य यूपी व बुंुदेलखंड के जिलों में गलन व कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वाराणसी में बुधवार को नौ ट्रेनें रद रहीं और 27 प्रमुख रेलगाडि़यां काफी देर से आई और गई।
आज नहीं चलेगी तूफान एक्सप्रेस
रेल प्रशासन ने बुधवार के लिए आठ ट्रेनें रद करने की घोषणा की थी लेकिन बाद में कानपुर शताब्दी, शान-ए-पंजाब और पातालकोट एक्सप्रेस भी रद कर दी गई। इससे इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शान-ए-पंजाब से सफर करने वाले कई यात्री सुबह स्टेशन पर पहुंचे तो उन्हें ट्रेन रद होने की जानकारी मिली। वहीं, गुरुवार को फरक्का के साथ ही तूफान एक्सप्रेस भी रद कर दी गई है। बुधवार को दिल्ली आने वाली 30 से ज्यादा ट्रेनें देरी से पहुंची। फिरोजपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 19 घंटे की देरी से रवाना हुई।
जीरो डिग्री टार्चर
गुलमर्ग -13 डिग्री
लेह -16 डिग्री
मसूरी -0.5 डिग्री
नैनीताल -1.5 डिग्री
मुनस्यारी -1.5 डिग्री
हरिद्वार -0.1 डिग्री
सीकर (राजस्थान) - 3.5 डिग्री
मथुरा -3 डिग्री
सहारनपुर -2 डिग्री
यह भी पढ़ेंः शीतलहर से कांपा समूचा उत्तर भारत, दिल्ली व जम्मू में सीजन का सबसे ठंडा दिन