..तो नाम बदलकर इस नाम से जाना जाएगा पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य का नाम बदलने की तैयारी में है। वह राज्य का का पश्चिम बंग करना चाह रही हैं।
मिलन कुमार शुक्ला, कोलकाता। 2011 में जब पहली बार ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनी थीं, तभी उन्होंने राज्य के नाम में परिवर्तन करने की तैयारी की थी। राज्य के सभी राजनीतिक दलों के साथ इस मुद्दे पर सर्वसम्मति बनाने की भी कोशिश की थी, लेकिन इसपर आम सहमति नहीं बन पाई थी।
अब एक बार फिर अपनी दूसरी पारी में ममता राज्य का नाम बदलने की तैयारी में हैं। मुख्यमंत्री वेस्ट बंगाल के बजाय राज्य का नाम पश्चिमबंग करना चाह रही हैं और इस संदर्भ में तमाम आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पढ़ें- ममता के लिए दुश्मन नंबर वन बने मोदी
राज्य सचिवालय के एक उच्च अधिकारी की मानें तो इस संदर्भ में शीघ्र ही राज्य की ओर से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। राज्य सरकार की दलील है कि अंग्रेजी वर्णानुक्रम के अनुसार राज्य के नाम की शुरुआत डब्ल्यू से होती है, जिस कारण कई परेशानियां पेश आती हैं। किसी भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बैठक में पश्चिम बंगाल का नाम बहुत बाद में आता है। इसकी वजह है डब्ल्यू यानी अंग्रेजी वर्णमाला का 23 वां अक्षर होना, जिसे ममता 16वें स्थान यानी पी से पश्चिमबंग करना चाहती हैं। अंग्रेजी में वेस्ट बंगाल लिखा जाता है, जिसकी शुरुआत डब्ल्यू से होती है। उसे अंग्रेजी में भी पश्चिमबंग ही करना चाहती हैं।
डब्ल्यू की वजह से ममता हुई थीं परेशान
डब्ल्यू की वजह से चंद रोज पहले दिल्ली में हुई अंतरराज्यीय परिषद की बैठक में ममता बनर्जी को अपनी बारी के लिए करीब छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा था। इस दौरान विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को अंग्रेजी वर्णानुक्रम के अनुसार बोलने का मौका मिल रहा था। इतना इंतजार करने के बावजूद ममता को महज 12 मिनट बोलने का मौका मिला था।
इसकी खीज उन्होंने बैठक के बाद निकालते हुए कहा था कि सभी को काफी समय मिला जबकि बगैर आगाह किए मुझे बोलने के लिए बहुत कम समय दिया गया और घंटी बजा दी गई। उन्होंने यह भी कहा था कि मेरे एजेंडे में कई मुद्दे थे, जिसे मैं समयाभाव के कारण साझा नहीं कर सकी। समझा जा रहा है कि यही वजह है कि मुख्यमंत्री यथाशीघ्र राज्य का नाम बदलना चाह रही हैं।
पढ़ें- इंटर स्टेट काउंसिल मीटिंग में ममता ने कहा- 'मुझसे एजेंडे पर नहीं की गई बात'