पहाड़ों पर बारिश, दिल्ली सहित मैदानी इलाकों में उमस
उत्तर भारत के मैदानों में हो रही छिटपुट बारिश लोगों को उमस से निजात दिलाने में नाकाम साबित हो रही है। मैदान में पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही चढ़-उतर रहा है। शुक्रवार राजधानी नई दिल्ली में उमस भरा रहा और यहां आर्द्रता उच्चतम स्तर
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर भारत के मैदानों में हो रही छिटपुट बारिश लोगों को उमस से निजात दिलाने में नाकाम साबित हो रही है। मैदान में पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही चढ़-उतर रहा है। शुक्रवार राजधानी नई दिल्ली में उमस भरा रहा और यहां आर्द्रता उच्चतम स्तर 85 रहा तथा तापमान भी 37.7 डिग्री रिकार्ड किया गया।
उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी है। टिहरी के बाद अब उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लाक में बादल फटने से दो मकान ध्वस्त होने के साथ ही दर्जनभर मवेशी बह गए। लगातार हो रहे भूस्खलन से मोरी और भटवाड़ी ब्लाक में 64 परिवारों ने घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों में पनाह ली है। चमोली में आकाशीय बिजली गिरने से एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई। गुरुवार को बदरीनाथ हाईवे आठ घंटे बंद रहा तो पांच स्थानों पर मलबा आने से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी देर शाम तक बंद रहा। केदारनाथ में मौसम साफ होने से 19 यात्री सोनप्रयाग से रवाना किए गए। गुरुवार को बदरीनाथ में 160 और यमुनोत्री में 23 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि गंगोत्री कोई नहीं गया। उधर, कुमाऊं में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग 17वें दिन भी नहीं खोला जा सका। उत्तरकाशी में भागीरथी और यमुना के साथ ही ऋषिकेश में गंगा खतरे के निशान के करीब हैं।
उत्तर प्रदेश के ललितपुर में आसमानी बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति तथा उसकी बच्ची की मौत हो गई। यहां प्रदेश के अनेक हिस्से में छिटपुट बारिश हुई है। हरियाणा और पंजाब में भी उमस भरी गर्मी लोगों को सताती रही। यहां तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दोनों ही राज्यों में कुछ स्थानों जैसे अमृतसर और अंबाला में हल्की बारिश रिकार्ड की गई।
राजस्थान में उदयपुर, कोटा तथा जोधपुर मंडल में भी हल्की बारिश हुई।