शिवसेना ने कहा, मुंब्रा उपनगरी से हो आतंकियों का सफाया
शिवसेना ने कहा है कि मुस्लिम बहुल मुंब्रा उपनगर से इस्लामी आतंकियों का सफाया होना चाहिए। आतंकियों के सफाए से ही देश बच सकता है।
मुंबई (आइएएनएस)। महाराष्ट्र के मुंब्रा उपनगर में इस्लामिक स्टेट के एक समर्थक की गिरफ्तार किए जाने पर शिवसेना ने चिंता जताई है। शिवसेना ने शनिवार को कहा कि मुस्लिम बहुल इस उपनगर से इस्लामी आतंकियों का सफाया होना चाहिए। आतंकियों के सफाए से ही देश बच सकता है।
शिवसेना ने कहा है कि यह उपनगर आइएस का कारखाना बनने की राह पर है। यह उपनगर मुंबई से करीब 30 किलोमीटर उत्तर में स्थित है और इसकी आबादी करीब 10 लाख है। एक प्राचीन बंदरगाह शहर के रूप में 600 ईवी. से यह उपनगर जहाज निर्माण के लिए मशहूर रहा है। इस उपनगर को मुंब्रा देवी के नाम से जाना जाता है। मुंब्रा देवी का मंदिर यहां की एक पहाड़ी पर स्थित है।
शिवसेना ने अपने मुख पत्र सामना और दोपहर का सामना में कहा है कि पिछले वर्ष भी मुंब्रा से कुछ आइएस आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था। अब एक संदिग्ध मुदबीर शेख को गिरफ्तार किया गया है।