रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने से बवाल
शनिवार को रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने को लेकर बांदा व जालौन में जमकर बवाल हुआ। बांदा में भाजपाइयों और पुलिस के बीच खूब हाथापाई हुई।
लखनऊ । शनिवार को रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने को लेकर बांदा व जालौन में जमकर बवाल हुआ। बांदा में भाजपाइयों और पुलिस के बीच खूब हाथापाई हुई। इस दौरान भाजपाइयों ने एक दारोगा और पीएसी जवान को पीट दिया। इसी तरह जालौन में बिना अनुमति जुलूस निकालने पर रामभक्तों पर पुलिस लाठियां चटका दीं।
बांदा जिले में शोभायात्रा रामलीला मैदान से दोपहर ढाई बजे निकाली गई। शाम चार बजे के बाद जुलूस जब जामा मस्जिद के पास गोलकोठी तिराहे पर पहुंचा तो जुलूस में शामिल बजरंग दल कार्यकर्ताओं को पुलिस ने तिराहे से आगे कर दिया। कुछ मिनट बाद जब मुख्य जुलूस वहां पहुंचा तो भाजपा जिलाध्यक्ष बालमुकुंद शुक्ला ने इसका विरोध किया। भाजपाइयों की इसी बात को लेकर डीएसपी से नोंकझोंक शुरू हो गई। भाजपाई जामा मस्जिद के सामने से जुलूस ले जाने पर अड़ गए। जबकि वहां पहले से पुलिस व पीएसी जवानों के साथ मुस्तैद अधिकारियों ने जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस पर भाजपा और बजरंग दल के लोग भड़क गए। पुलिस कर्मियों के साथ उनकी जमकर हाथापाई हुई।
जालौन में रामनवमी के अवसर पर बिना अनुमति के श्रीराम शोभा यात्रा निकालने दर्जनों भक्त ठड़ेश्वरी मंदिर पहुंचे और शोभा यात्रा निकाली। पुलिस ने रामभक्तों को रोकने का प्रयास किया पर वे नहीं माने। इस पर डीएसपी कुलदीप सिंह ने सख्ती दिखाई तो भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश तिवारी व अन्य रामभक्त उनसे भिड़ गए। यह देख पुलिस टीम ने लाठी चटकाते हुए रामभक्तों को खदेड़ दिया।