भारतीय सैनिकों पर घुसपैठ का आरोप, चीन ने कड़ा विरोध जता रखी यह मांग
चीन ने इस संबंध में नई दिल्ली और बीजिंग में कूटनीतिक विरोध दर्ज कराया है। चीन ने कहा है कि सीमा उल्लंघन के कारण ही उसने भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए मान सरोवर के रास्ते को रोक दिया है।
बीजिंग, पीटीआई। चीन ने सिक्किम क्षेत्र में भारतीय सैनिकों द्वारा सीमा पार करने का गंभीर आरोप लगाया है और भारत से अपने सैनिकों को तत्काल वापस बुलाने को कहा है। इस संबंध में चीन ने बीजिंग और नई दिल्ली दोनों जगहों पर भारत के समक्ष कूटनीतिक विरोध दर्ज कराया है। चीन के मुताबिक, उसने इस कथित घुसपैठ के कारण ही भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए कैलाश मानसरोवर का रास्ता रोक दिया है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लु कांग ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि हमने इस संबंध में अपने महत्वपूर्ण रुख से अवगत कराने के लिए बीजिंग और नई दिल्ली में कड़ा विरोध दर्ज कराया है। लु ने कहा, अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता को बनाए रखने को लेकर हमारा रुख दृढ़ है। भारत अपने सैनिकों को तुरंत वापस बुलाए, जो आगे बढ़कर चीनी सीमा में घुस गए हैं।
इससे पहले चीन ने सोमवार को कहा था कि उसने सीमा विवाद के मद्देनजर नाथूला दर्रा के जरिए तिब्बत में प्रवेश करने वाले भारतीय तीर्थयात्रियों की यात्रा पर ‘सुरक्षा कारणों’ से रोक लगा दी है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा, चीन, भारत से अनुरोध करता है कि वह सीमा पार करने वाले सैनिकों को तत्काल वापस बुलाए और इस मामले की विस्तृत जांच कराए।
इससे पहले चीन के रक्षा मंत्रालय ने भारतीय सैनिकों पर सड़क निर्माण के एक काम पर आपत्ति जताने का आरोप लगाया था। चीन ने दावा किया कि वह अपने क्षेत्र में सड़क निर्माण कर रहा है।
यह भी पढ़ें: CPEC को लेकर भारत के विरोध से चीन को सता रहा इस बात का डर