नक्सलियों की मांगों पर कैबिनेट की बैठक आज
नक्सलियों की मांगों के संबंध में सोमवार को कैबिनेट उपसमिति की बैठक में कुछ अहम फैसले लेने की उम्मीद है। सुकमा के अगवा कलेक्टर एलेक्स पॉल मेनन की रिहाई के लिए नक्सलियों की मांगों का मसौदा तैयार कर लिया गया है।
रायपुर। नक्सलियों की मांगों के संबंध में सोमवार को कैबिनेट उपसमिति की बैठक में कुछ अहम फैसले लेने की उम्मीद है। इस बीच सुकमा के अगवा कलेक्टर एलेक्स पॉल मेनन की रिहाई के लिए नक्सलियों की मांगों का मसौदा तैयार कर लिया गया है। नक्सलियों ने मांगों की लंबी-चौड़ी लिस्ट दोनों मध्यस्थों को दी है। ताड़मेटला से लौटे मध्यस्थों ने नक्सलियों की मांग से छत्तीसगढ़ सरकार के मध्यस्थों को अवगत करा दिया है। इसके बाद दोनों पक्षों के मध्यस्थों के बीच चौथे दौर की बैठक होगी।
रविवार शाम दोनों ओर के मध्यस्थों के बीच लगभग चार घंटे तक बैठक हुई। नक्सलियों की कुछ मांगों पर सरकार के मध्यस्थों ने असहमति जताई है। इससे पहले नक्सलियों से बातचीत कर उनके दोनों मध्यस्थ बीडी शर्मा और प्रोफेसर जी हरगोपाल रविवार सुबह चिंतलनार लौटे। उनके मुताबिक, ताड़मेटला के जंगल में रात भर नक्सलियों से उनकी सकारात्मक बातचीत हुई। उन्होंने कलेक्टर को सकुशल और सुरक्षित बताया है, लेकिन कलेक्टर से उनकी मुलाकात नहीं हुई। मध्यस्थों ने कलेक्टर की पत्नी आशा मेनन से फोन पर बात कर हालात की जिम्मेदारी दी।
73 और नक्सलियों को छोड़ने की मांग
कलेक्टर की रिहाई के बदले नक्सलियों ने 73 और नक्सलियों को छोड़ने की मांग की है। ये सभी नक्सली रायपुर, जगदलपुर और दंतेवाड़ा की जेलों में बंद हैं। इनके नामों की सूची नक्सली नेताओं ने दोनों मध्यस्थों को सौंपी है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले नक्सली 17 बंदी नक्सलियों को छोड़ने की मांग कर चुके हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर