गांधी परिवार के खिलाफ केंद्र की साजिश : शुक्ला
कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार राजनीतिक द्वेष के तहत गांधी परिवार के खिलाफ साजिश रच रही है, लेकिन सरकार को मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस बहुत जल्द ही पुरानी स्थिति में लौटेगी। संगठन को सुदृढ़ किया जा रहा है। जहां तक लोक
गाजियाबाद [जासं]। कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार राजनीतिक द्वेष के तहत गांधी परिवार के खिलाफ साजिश रच रही है, लेकिन सरकार को मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस बहुत जल्द ही पुरानी स्थिति में लौटेगी। संगठन को सुदृढ़ किया जा रहा है। जहां तक लोकसभा चुनाव में मिली पराजय का प्रश्न है तो पार्टी ने कई उतार-चढ़ाव देखें हैं।
रविवार को एक निजी कार्यक्रम में आए राजीव शुक्ला ने पत्रकारों से कहा कि 2014 में सत्ता विरोधी लहर के कारण कांग्रेस की हार हुई। हार के लिए केंद्रीय मंत्रियों को जिम्मेदार ठहराने संबंधी राज बब्बर के बयान पर शुक्ला ने कहा-मैं ऐसा नहीं मानता। पार्टी हारी है और सभी लोग अपनी तरह से हार का आंकलन कर रहे हैं। राज बब्बर का अपना नजरिया है।
मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए शुक्ला ने कहा कि सरकार का अब तक का कार्यकाल विफल रहा है। भाजपा सरकार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों का ही अनुसरण कर रही है। महंगाई दूर करने, दाउद इब्राहिम को भारत लाने संबंधित चुनावी वादे की हवा निकल गई है। सपनों के सौदागर नरेंद्र मोदी के सपनों से लोगों का मोह भंग होना शुरु हो गया है और जल्द ही अच्छे दिन का सपना भी टूट जाएगा।
नटवर सिंह की किताब के विवाद पर राजीव शुक्ला ने कहा कि मार्केटिंग का तरीका है। किताब में कई बेतुकी व मनगढं़त बातें हैं। कोई भी किताब लिखने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन झूठी बातों से बचना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी तानाशाह की तरह काम कर रहे हैं। यही वजह है कि संवैधानिक नियम होने के बावजूद कांग्रेस को विपक्ष का नेता पद नहीं दिया जा रहा है।
जीडीए से चल रही बात :
राजीव शुक्ला ने कहा कि गाजियाबाद में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाने की राह में जमीन की रुकावट है। जीडीए से इस बारे में कई बार बातचीत की गई है। जमीन मिलते ही स्टेडियम के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।