बीकानेर में गिरा आकाशीय पिण्ड, हुआ 10 मीटर गहरा गढ्ढा
करीब दस मीटर गहरा और ढाई मीटर चौड़ा यह गढ्ढा अपने आप में काफी अजीब लग रहा है।
जयपुर। राजस्थान मे बीकानेर जिले के नापासर कस्बे के देवासर गांव में मंगलवार देर रात आकाशीय पिण्ड गिरने से करीब 10 मीटर गहरा गढ्ढा हो गया। खेत के मालिक सतीश ओझा का कहना है कि उसने रात ढाई बजे आसमान से कोई चीज तेजी से नीचेे गिरती देखी। इसमें कोई आवाज नहीं थी और उसी से यह गढ्ढा हुआ है। उस समय सतीश खेत में ही बने अपने मकान की छत पर सोने जा रहा था।
किसान ने इस बारे में सरकारी अधिकारियों को बताया। अधिकारियो ने यहां आकर निरीक्षण किया और भूगर्भ विज्ञान विभाग के अधिकारियों को वहां बुलाया। इन अधिकारियों को भी यह गढ्ढा बड़ा अजीब लगा और उन्होंने माना कि करीब दस मीटर गहरा और ढाई मीटर चौड़ा यह गढ्ढा अपने आप में काफी अजीब लग रहा है। उन्हें हालांकि यहां कोई पिण्ड या वस्तु नहीं मिली है, लेकिन यहां की मिट्टी के सैम्पल लिए गए हैं और इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।