यूपी के सभी महिला कॉलेजों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
उत्तर प्रदेश में अब मनचलों की खैर नहीं। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिये हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार ने सबसे पहले महिला कॉलेजों पर निगरानी बढ़ाने के संकेत दिए हैं। इसके लिए प्रदेश के सभी कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब मनचलों की खैर नहीं। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिये हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार ने सबसे पहले महिला कॉलेजों पर निगरानी बढ़ाने के संकेत दिए हैं। इसके लिए प्रदेश के सभी कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए गए हैं ।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्य सचिव आलोक रंजन के साथ अधिकारियों की हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस बात पर गहन चिंतन हुई और ये फैसला लिया गया कि अब से प्रदेश के सभी महिला कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरे पूरे कॉलेज परिसर यानी प्रवेश द्वार, गर्ल्स होस्टल व कई अन्य जगहों पर भी लगाए जाएंगे।
गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार यौन शोषण और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने के प्रति गंभीर है। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव (गृह मंत्रालय) नीरज गुप्ता ने बुधवार रात्रि में ही सभी महिला कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दे दिए हैं। कैमरे प्रदेश के सभी सरकारी और निजी महिला कॉलेजों में लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कैमरा लगाने के लिए सभी कॉलेजों को एक महीने की समय सीमा दी गई है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज के मॉनीटर की जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन को दी गई है। आदेश में ये भी कहा गया है कि कैमरे में अगर किसी तरह की खराबी आती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को देनी होगी।